इलाहाबाद। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) ने बुधवार को टैगोर टाउन में कार्रवाई करते हुए एक नर्सिंग होम के चार कमरे सीज कर दिए। एडीए की कार्रवाई के दौरान वहां खूब हंगामा भी हुआ। नर्सिंग होम संचालक ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया। बाद में एडीए ने कार्रवाई में बाधा पहुंचाने के प्रयास में संबंधित लोगों के खिलाफ जार्जटाउन थाने में एफआईआर दर्ज करा दी। इतना नही नहीं नर्सिंग होम की बाउंड्रीवाल पर पेंट कर दिया कि ‘यह नर्सिंग होम अवैध है, यहां मरीज भर्ती न करायें’।
टैगोर टाउन में पूनम कपूर पत्नी डा. प्रवीण कुमार की सरोज क्लीनिक है। यहां मरीज भी भर्ती किए जाते हैं। इस भूखंड पर निर्माण के लिए एडीए द्वारा आवासीय मानचित्र स्वीकृत किया गया था लेकिन वहां नवनिर्मित भवन में नर्सिंग होम के रूप उसका कामर्शियल यूज हो रहा था। एडीए के प्रभारी जनसंपर्क एके पांडेय की माने तो पूर्व में भी नर्सिंग होम संचालक को चेतावनी दी थी कि वह यहां मरीज एडमिट न करें। चेतावनी देने के बावजूद भी वहां मरीज एडमिट किए जा रहे थे।
बुधवार को एडीए के जोनल अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव के नेतृत्व में संयुक्त सचिव गुडाकेश शर्मा, सत शुक्ला, अवर अभियंता आरपी पांडेय आदि मौके पर पहुंची। इस दौरान नर्सिंग होम की चेकिंग कर उन कमरों को सीज किया गया, जिसमें मरीज एडमिट नहीं थे। यहां दो कमरे भूतल के एवं दो कमरे प्रथम तल के सीज किए गए। इस दौरान डा. प्रवीण कुमार उनके साथ कुछ लोगों ने एडीए की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। बाद में इन सभी के खिलाफ जार्जटाउन में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। वहीं दूसरी ओर शिवकुटी क्षेत्र में जोनल अधिकारी आलोक पांडेय के नेतृत्व में बिना प्राधिकरण की अनुमति प्राप्त किए रिलायंस कंपनी द्वारा लगाये जा रहे मोबाइल टावर से संबंधित दो निर्माण भी आज सील किए गए। वहां भवन/भूखंड स्वामी केशव प्रसाद गोस्वामी, शिव मोहन मिश्र एवं रिलायंस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है।