ट्रिपलआईटी की छात्रा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद शहर में स्वाइन फ्लू का दूसरा मामला सामने आया है। नैनी के एक किशोर में इसकी पुष्टि हुई है। हालत खराब होने के बाद परिजन उसे एसजीपीजीआई ले गए थे। संस्थान ने जांच के बाद पुष्टि कर दी। मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में बचाव के सभी कदम उठाए हैं।
किशोर की हालत हफ्ते भर से खराब चल रही थी। राहत न मिलने पर घर वाले उसे लेकर तीन दिन पहले एसजीपीजीआई चले गए। दो दिनों तक भर्ती के बाद हुई जांच में बीमारी की पुष्टि हो गई।
इसको लेकर घरवालों में डर सा बन गया। फिलहाल एसजीपीआई के चिकित्सकों ने उन्हें समझाया। दवा देकर किशोर को घर भेज दिया गया है। बच्चों को अलग कमरे में रहने को कहा गया। परिवार वालों को भी मास्क लगाने को कहा गया है। सीएमओ डॉ. पद्माकर सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू की चपेट में आए किशोर और उसके माता-पिता से संपर्क किया गया है। एहतियात के सभी उपाय बता दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार कार्रवाई करवाई जा रही है।