‘अमर उजाला’ एवं आरंभ इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सिविल लाइंस को दुल्हन की तरह सजाने वाला ‘दीपावली शॉपिंग कार्निवाल’ बृहस्पतिवार को तमाम मीठी यादें, मुस्कुराहटें, मस्ती और धमाल देकर विदा हो गया। आखिरी दिन भी कार्निवाल संग शाम बिताने के लिए भीड़ जुटी। शहरियों ने कार्निवाल से ऐसा नाता जोड़ा कि कोई भी उसे विदा करने के मूड में नहीं दिखा। कार्निवाल ने दीपपर्व से पहले ऐसा समां बांधा कि दीपावली की खुशियां दोगुनी हो गईं। कार्निवाल मंच और मेले में शाम गुजारने के बाद फिर आने के वायदे के साथ शहरियों ने खुशियां साझा करते हुए विदा ली।
टूंज के सहयोग से सजे किड्स जोन में बच्चों ने कार झूला, घोड़ी झूला सहित अपनी पसंद के दूसरे झूलों, बाउंसी पर खूब मस्ती की। वहीं बच्चों, बड़ों सभी ने हाथी, घोड़ा, ऊंट, ड्रैगन वाले ई रिक्शे की सवाली का लुत्फ लिया। सभी के लिए कार्निवाल का अनुभव यादगार रहा। परिवार संग पहुंचे लोगों ने तरह-तरह के स्टालों पर खरीदारी भी की। सड़क के दोनों ओर आकर्षक सजावट ने दीपपर्व का स्वागत किया। पेड़ों पर की गई स्पॉट लाइट और बिजली की झालरों की सजावट और निखरी। आरंभ इंफ्रा के निदेशक दिवाकर जायसवाल ने ‘अमर उजाला’ जबकि ‘अमर उजाला’ के यूनिट हेड और महाप्रबंधक राहुल कांकरिया ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
मेले और मंच की रंगारंग प्रस्तुतियों के बाद शानदार आतिशबाजी से कार्निवाल का समापन हुआ। कादिर भाई पटाखे वाले की ओर से सतरंगी आतिशबाजी की गई तो आकाश सतरंगी हो उठा। कार्निवाल मंच के करीब जुटे बच्चों और बड़ों सभी ने आतिशबाजी का आनंद लिया। कार्निवाल के माध्यम से एक ओर जहां आकर्षक सजावट से दीपपर्व की दस्तक हुई, वही शानदार आतिशबाजी ने इस दीपपर्व को पूर्णता दी।
इलाहाबाद। कार्र्निवाल के मंच पर नृत्य, गीत, संगीत के बीच दिल ने दिल से बात की। वहीं सही सवालों के जवाब देकर शानदार गिफ्ट हैंपर भी हासिल किया। आलोक श्रीवास्तव, रश्मि शुक्ला ने गायन और उन्नति साहू, अमृता कश्यप, मुस्कान ने नृत्य की प्रस्तुतियों से तालियां बटोरीं। दीपक डांस इंस्टीट्यूट के कलाकारों ने ग्रुप डांस से लुभाया। अभिनव ने एंकरिंग से पूरे समय तक बांधे रखा।
कार्निवाल के मंच पर यूनियन बैंक परिवार की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। बैंक के डीजीएम राजीव मिश्रा के नेतृत्व में बैंककर्मियों संग शहरियों ने भी सत्यनिष्ठा की शपथ ली।