इलाहाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की तरह स्वस्थ भारत अभियान भी शुरू हो गया है। हालांकि यह पहल प्रधानमंत्री ने नहीं की है, इसे मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (एमएलएनएम) के परास्नातक (पीजी) छात्रों ने शुरू किया है। ‘हेल्दी इंडिया मिशन’ इलाहाबाद से शुरू होकर पहले प्रदेश में और फिर पूरे देश में लोगों को जागरूक करने के साथ उपचार करेगा। अभियान से कई गैर सरकारी संगठन भी जुड़ चुके हैं। पूरे देश में फैलाने के लिए पीजी छात्रों ने सोशल साइट का सहारा लेकर देश भर के चिकित्सकों को जोड़ रहे हैं। केरल, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब सहित कई प्रदेशों के चिकित्सकों ने इस मिशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरा सहयोग देने का वायदा किया है।
एमएलएनएम कॉलेज के पीजी छात्रों ने इसे ‘हेल्दी इंडिया मिशन’ नाम दिया है। मिशन में मेडिसिन, सर्जरी, आर्थो, गॉयनी, आप्थोमोलॉजी सहित कई विभागों के 28 पीजी छात्र जुड़े हैं। हंडिया में स्वास्थ्य शिविर के करने के साथ इसकी शुरूआत हुई है। मिशन के अगुवावाई कर रहे पीजी छात्र डॉ. सुशील कहते हैं कि मिशन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ्य रहने की समझ बढ़ाना है। स्वास्थ्य शिविर में उनकी बीमारियों को जानकारी दी जाएगी। जांच कर दवाएं दी जाएगी। सोशल साइट फेसबुक पर ‘डॉक्टर फॉर ह्युमिनिटी’ नामक पेज पर देश भर के 170 डॉक्टर भी इस मिशन से जुड़ चुके हैं।