इलाहाबाद। क्षत्रिय सोनार युवक समिति की ओर से रविवार को सातवें सामूहिक विवाह समारोह में 15 जोड़े सात जन्मों के पवित्र बंधन में बंधे। सिद्धपीठ कल्याणी देवी मंदिर से 15 दूल्हों की बारात निकाली गई जो दरियाबाद स्थित क्षत्रिय स्वर्णकार धर्मशाला पहुंची जहां पूरे विधि-विधान के साथ सभी जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पारंपरिक तरीके से सभी की विदाई की गई। इस मौके पर उन्हें उपहार में घरेलू सामान भी दिए गए। बारात कल्याणी देवी मंदिर से हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई।
प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ.नरेंद्र कुमार सिंह गौर, केपी ट्रस्ट अध्यक्ष राघवेंद्र नाथ सिंह, क्षत्रिय सोनार युवक समिति के अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने बारातियों की अगुवाई की। धर्मशाला पहुंचने पर द्वारचार के बाद जयमाल हुआ। फिर पुरोहितों ने अलग-अलग मंडपों में वैदिक परंपरा केअनुसार विवाह संपन्न कराया। सभी जोड़ों को बेड, आलमारी, कपड़े, बर्तन सहित कई तरह के घरेलू सामान दिए गए। सामूहिक विवाह में खानपान की व्यवस्था भी की गई थी। समिति के अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने कहा कि अगले वर्ष 101 जोड़ों का विवाह कराने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में राज्य मंत्री लल्लन राय, अपर जिला जज नंद लाल, चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह, विधायक डॉ. यज्ञदत्त शर्मा, ओमप्रकाश सोनी, चंद्रप्रकाश सोनी,जगदीश वर्मा, शिवबाबू वर्मा, शिवशंकर, महेंद्र सोनी आदि मौजूद थे।