नैनी। पूर्व प्रधान के पुत्र की हत्या के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ व मौजूद पुलिस।
पूर्व प्रधान विनोद सिंह के पुत्र कुश सिंह की हत्या के बाद एसओजी व औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखाई पड़ा। पूरे मामले में पारिवारिक कलह की भी जांच की जा रही है।
घटना स्थल के आसपास वाले मार्ग पर एक-दो स्थानों पर ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। दूसरे मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा गया। कुछ पकड़ में न आने पर अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावर गांव या आसपास के हैं, जो गांव के रास्तों से वाकिफ हैं। अभी तक हमलावरों की संख्या भी स्पष्ट नहीं हो सकी। गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने भी किसी को जाते हुए नहीं देखा।
गांव वालों ने बताया कि घटना की खबर गांव में तेजी से फैली लेकिन पूरे गांव में किसी ने किसी संदिग्ध को कहीं से गुजरते नहीं देखा है। घटना के बाद परिवार के लोगों की प्रतिक्रिया और अलग-अलग बयान के आधार पर पुलिस पारिवारिक कलह पता करने में जुटी है। हालांकि, अभी तक वारदात की ठोस वजह तक नहीं पहुंचा जा सका है। इसलिए पुलिस कुछ साफ बोलने से बच रही है।
तफ्तीश : हत्या के पीछे जमीन या कोई अन्य विवाद
कुश सिंह की हत्या के पीछे परिवार के लोग जमीन विवाद बता रहे हैं। लेकिन पुलिस अन्य तथ्यों पर भी अपनी जांच कर रही है। कुश घर के पीछे बगीचे में आया तो अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ आया था। पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार उसमें अभी तक कोई सबूत नहीं मिला। यह सच है कि जमीन विवाद में कई साल पहले दो पक्ष आमने-सामने हुए थे, लेकिन गांव वालों के अनुसार बीते कई माह से कोई विवाद सामने नहीं आया है।
नैनी। पूर्व प्रधान के पुत्र की हत्या के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ व मौजूद पुलिस।