Surrounding BJP councilor, attacking with Mum balls
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। बेखौफ हो चुके अपराधियों ने धूमनगंज के गढ़वा में वार्ड नंबर चार के भाजपा पार्षद शिवकुमार (30) को घेरकर बम-गोलियों से हमला किया। दो गोलियां पार्षद को, जबकि एक गोली उनके भतीजे मनीष को लगीं। दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए महिला हिस्ट्रीशीटर समेत पांच लोगों को नामजद किया है।
वार्ड नंबर चार जयंतीपुर के पार्षद शिवकुमार धूमनगंज के महिलाग्राम कॉलेज के पास रहते हैं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात 8.30 बजे के करीब वह पड़ोस में रहने वाले भतीजे मनीष (22) के साथ स्कॉर्पियो से भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। अभी वह घर से कुछ दूर ही गए थे कि तभी अचानक असलहों से लैस दर्जनभर हमलावरों ने सामने आकर उनकी गाड़ी रोक ली। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बम-गोलियों से हमला बोल दिया गया। इसी दौरान दो हमलावर ड्राइविंग सीट पर बैठे पार्षद के पास पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायर झोंके।
इसमें दो गोलियां पार्षद को जबकि एक गोली उनके बगल में बैठे मनीष को लगी। उधर बम-गोलियों की आवाज सुनकर घर व गांव के लोग दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घरवाले पहुंचे तो पार्षद व मनीष लहूलुहान हालत में गाड़ी में पड़े तड़प रहे थे। सूचना मिली तो पुलिस पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल ले गई जहां से उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि हमला गांव में ही रहने वाली महिला हिस्ट्रीशीटर मुुंडी पासी उर्फ सुनीता व सुनील ने रोहित, आशीष, त्रिलोकी व अपने अज्ञात साथियों संग मिलकर किया। रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
परिवार की युवती की हत्या में गवाह हैं पार्षद
घायल पार्षद के बड़े भाई शशि ने बताया कि 2005 में परिवार की युवती की हत्या के मामले में महिला हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी जेल भी जा चुके हैं। इस मामले में शिवकुमार गवाह हैं। इसी रंजिश को लेकर पार्षद पर जानलेवा हमला किया गया। उधर पुलिस ने बताया कि लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है।
वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। परिजनों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अतुल शर्मा, एसएसपी