सिर में गंभीर चोट के चलते गई थी सुरेंद्र की जान, संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
मेहंदीपुर गांव में सुरेंद्र की मौत सिर में चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।
मेहंदीपुर उसरी गांव के सुरेन्द्र कुमार पुत्र मियांदिन ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। मृतक सुरेंद्र भाइयों में तीसरे नंबर का था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सुबह खेत में युवक का शव मिला। मृतक की मां ने उसके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर में गंभीर चोट के चलते मौत का कारण ज्ञात हुआ है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सुरेन्द्र भारतीया की हत्या की सूचना पर भाजपा गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान व ब्लॉक प्रमुख विपेन्द्र सिंह पटेल ने दिवंगत युवक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मौके पर आत्माधर दुबे, सौम्या मिश्रा, अरविन्द यादव रहे।