विद्युत उपखंड फाफामऊ के अंतर्गत आने वाले विभिन्न उपकेंद्रों पर कार्यरत संविदा बिजलीकर्मियों में कार्यदायी संस्था मेसर्स ग्लोबटेक क्रियशन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भारी आक्रोश है। आरोप है कि संस्था ने नवंबर 2025 के वेतन में बिना किसी कारण के कटौती की है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए अधीक्षण अभियंता ने कार्यदायी संस्था को पत्र जारी कर फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से रोका गया वेतन जारी करने का निर्देश दिया है।
विद्युत विभाग में कार्यरत संविदाकर्मियों और कार्यदायी संस्था के बीच वेतन भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। फाफामऊ उपखंड के फतेहपुर कार्यस्थान, लालगोपालगंज, शृंग्वेरपुर, नवाबगंज और कौड़िहार उपकेंद्रों के संविदाकर्मियों ने सोमवार को फाफामऊ स्थित उपखंड कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश चन्द्र ने बताया कि अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी ने उनकी पूरी उपस्थिति की पुष्टि की है। इसके बावजूद ग्लोबटेक द्वारा वेतन काटना कर्मियों के लिए अन्याय है। जानकारी के बाद विभाग के अधीक्षण अभियंता सौरभ कुमार गौतम, अधिशासी अभियंता महेन्द्र प्रसाद मौर्य मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कार्यदायी संस्था को पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि वेतन रोकने या काटने का कृत्य नियम विरुद्ध है। इस लापरवाही के कारण विभाग की महत्वाकांक्षी एकमुश्त समाधान योजना और अनुरक्षण कार्य प्रभावित हुआ है जिससे विभाग को राजस्व की हानि हुई है। अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति हुई तो अनुबंध की शर्तों के तहत संस्था के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।