दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘कबाली’ से शुक्रवार को शहर के दर्शक भी रूबरू होंगे लेकिन ‘सुल्तान’ ने कबाली की राह रोक दी है। दरअसल ईद के मौके पर जारी हुई सलमान खान की फिल्म सुल्तान पहले दिन शहर के सभी 62 स्क्रीन्स पर दिखाई गई थी। हालांकि दो हफ्ते बाद कई सिनेमाघरों से सुल्तान की विदाई हो चुकी है लेकिन तकरीबन अस्सी फीसदी स्क्रीन्स पर सुल्तान का ही कब्जा रहेगा।
ऐसे में बाकी स्क्रीन्स पर ही कबाली और शुक्रवार को ही रिलीज होने वाली फिल्म मदारी के शो चलेंगे। दरअसल जिन सिनेमाघरों ने ‘सुल्तान’ समेत दूसरी फिल्में दिखाने के कांट्रैक्ट साइन कर रखे हैं, वहां कबाली को जगह नहीं मिलेगी। ज्यादातर सिंगल स्क्रींस पर फिल्म ‘सुल्तान’ और ‘मदारी’ ही चलेगी।
शहर में पीवीआर समेत बिग सिनेमा और स्टार वर्ल्ड सिनेमाज में कबाली की इंट्री होगी। फिल्म ज्यादातर सिंगल स्क्रीन में रिलीज ही नहीं हो रही है। इस वजह से शो की संख्या कम है। सिनेमाहाल संचालकों के मुताबिक फिल्म के शो का फैसला डिस्ट्रीब्यूटर्स पर निर्भर करता है। बहरहाल पीवीआर के मैनेजर पल्लव हजारिका के मुताबकि पीवीआर में कबाली के चार शो चलेंगे। खास यह कि इसमें तीन शो हिंदी जबकि एक शो तमिल भाषा में चलेगा। फिल्म के लिए तकरीबन एक चौथाई सीटों की एडवांस बुकिंग हुई है। अगर दर्शकों का रिस्पांस अच्छा मिलता है तो शो की संख्या बढ़ाने के लिए हाई अथारिटी से संपर्क साधा जाएगा।