शिकायत के अनुसार इस ठेके का अनुबंध चाणक्य वेबसाइट के पोर्टल पर ऑनलाइन है। अनुबंध की शर्तों के मुताबिक 36×6 क्षमता के वायर खरीदे जाने थे, लेकिन 19×6 के लिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से 13 सितंबर को इसके लिए ऑनलाइन टेंडर कराया गया था। इसमें प्रतिभाग करने वाली फर्मों सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी और एसके एसोसिएट्स ने विभागीय दर 92 रुपये प्रति रनिंग मीटर के विपरीत 10 प्रतिशत अधिक दर डाला था।
इसे लेकर 23 अक्तूबर को टेंडर निरस्त कर दिया गया। इस बीच तारा जायसवाल नामक फर्म को आपूर्ति का ठेका दे दिया गया। अनुबंध में गल्वनाइट कंपनी के वायर रोप खरीदने की बात अंकित है। लेकिन, इसका भी पालन नहीं किया गया। पुणे की एक फर्म से क्षमताविहीन वायर रोप खरीद लिए गए हैं। जिस वायर रोप की आपूर्ति की जा रही है, उसमें फाइवर कोर भी नहीं है।
वायर रोप की खरीद में मानक और अनुबंध की शर्तों का उल्लघंन की शिकायत निराधार है। वायर रोप की मांग के अनुरूप ही आपूर्ति कराई जा रही है। - सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, कुंभ मेला डिवीजन पीडब्ल्यूडी
वायर रोप की खरीद में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर इसकी जांच कराई जाएगी। इसकी खरीद में गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। - एके द्विवेदी, मुख्य अभियंता