उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में एमए योग में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि जनवरी-2025 सत्र में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एमए योग कार्यक्रम में प्रवेश प्रारंभ कर दिया गया है। उसी के अनुरूप अब एमए योग में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिले होंगे।
विवि ने प्रवेश के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। 31 मार्च तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, आवेदन एवं शुल्क भुगतान विश्वविद्यालय ने प्रारंभ कर दिया है। इसकी अंतिम तिथि 17 मार्च 2025 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट से 18 मार्च से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 20 मार्च 2025 को प्रस्तावित की गई है।
विवि ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर एमए योग से संबंधित लिंक उपलब्ध करा दिया है, जहां इस कार्यक्रम से संबंधित सभी सूचनाएं उपलब्ध हैं। प्रवेश परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 25 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न चार अंकों का होगा। परीक्षा अवधि एक घंटे होगी। ब्यूरो