आईईआरटी डिप्लोमा इंजीनियरिंग के छात्रों ने परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए जाने से नाराज होकर सोमवार को हंगामा कर दिया। मेनगेट में ताला लगा दिया। उनका कहना था कि उनका कैंपस सेलेक्शन हो चुका है, उन्हें ज्वाइन करना है। छात्रों के हंगामे के कारण शिक्षक एवं कर्मचारी भी संस्थान के अंदर नहीं जा सके। छात्रों के हंगामे को देखते हुए आईईआरटी प्रशासन ने दो दिन के लिए संस्थान बंद कर दिया है।
आईईआरटी में डिप्लोमा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षा के बाद अभी तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। रिजल्ट जारी नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी डिप्लोमा अंतिम वर्ष के छठे सेमेस्टर के छात्रों को हो रही है। इसमें से अधिकांश का कैंपस चयन पूर्व में ही हो चुका है। कंपनियों की ओर से अगस्त तक उन्हें अपने रिजल्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। अब समय सीमा खत्म हो चुकी है। ऐसे में कंपनियों की ओर से छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा है कि यदि उन्होंने जल्द रिजल्ट प्रस्तुत नहीं किया तो उनका चयन निरस्त करके दूसरे को मौका दिया जाएगा। संस्थान के सूत्रों का कहना है कि पूर्व में किए गए मूल्यांकन का अभी तक भुगतान नहीं किए जाने से बाहरी परीक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं कर रहे हैं। मूल्यांकन के भुगतान के लिए संस्थान की ओर से पहल नहीं किए जाने से छात्रों का रिजल्ट फंसा है।
आईईआरटी में छात्रों के हंगामे के बाद पता चला कि पूर्व में 2012 से डिप्लोमा पूरा करने वाले छात्रों को अभी तक संस्थान सर्टिफिकेट जारी नहीं कर सका है। प्रमाण नहीं पाने वाले छात्र-छात्राएं डिप्लोमा अंतिम वर्ष के छात्रों की हंगामे की खबर सुनकर संस्थान पहुंच गए। उन लोगों ने आरोप लगाया कि वर्तमान आईईआरटी प्रशासन की हीला हवाली के कारण उनकी परेशानी बढ़ रही हैं।