बदनामी के डर से रचा ड्रामा
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक पहले तो पूछताछ में कहता रहा कि वह किसी तरह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर निकला है। हालांकि सख्ती से पूछताछ में उसने हकीकत बयां कर दी। बताया कि 18 जनवरी को उसके पास अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही निर्वस्त्र हाल में युवती दिखाई दी तो उसने फोन काट दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से एक अश्लील वीडियो आया, जिसमें वह भी दिख रहा था। फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगे गए।
घबराकर उसने अपने खाते से 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी रुपयों की मांग की जाती रही। जिस पर उसने 10 हजार दोस्त व 10 हजार ममेरे भाई से लेकर दिए। इसके बाद भी रुपये मांगे जाते रहे। उसने रुपये न होने की बात बताई तो ब्लैकमेलिंग करने वालों ने उससे खुद के अपहरण का ड्रामा रचने को कहा। बदनामी के डर से उसने ऐसा ही किया।
छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मेरी अपील है कि अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल रिसीव न करें। ऐसा कुछ होता है तो गलत कदम उठाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। - संतोष कुमार मीना, पुलिस उपायुक्त नगर