कर्नलगंज में बैंक रोड पर वारदात, एक नामजद
प्रयागराज। कर्नलगंज में दिनदहाड़े छात्रनेता आदेश मिश्र को पिस्टल सटाकर बाइक व 9500 नगद लूट लिए गए। घटना तब हुई जब वह पिता को कचहरी छोड़कर आ रहा था। कर्नलगंज पुलिस ने पिता की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदेश शिवकुटी के जोंधवल का रहने वाला है। वह सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ में सांस्कृतिक मंत्री पद पर निर्वाचित है। उसके पिता रमाकांत मिश्र अधिवक्ता हैं। उनका आरोप है कि बेटा आदेश बुधवार सुबह 10.30 बजे के करीब उन्हें छोड़ने बाइक से कचहरी गया था। वहां से वह कॉलेज लौटने लगा कि तभी डीपी कॉलेज मोड़ पर चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया। फिर पिस्टल सटाकर बाइक व पर्स, जिसमें 4200 रुपये थे, छीन लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पिता समेत अन्य परिजन पहुंचे। जिसके बाद थाने में पहुंचकर पिता की ओर से तहरीर दी गई। जिसमें आरोप लगाया गया कि आरोपियों में से एक सीएमपी डिग्री कॉलेज का छात्र योगेश सिंह उर्फ शैलेश सिंह व उसके अज्ञात साथी शामिल थे। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।