Student got coaching in Mumbai train
मुंबई की ट्रेन में मिली कोचिंग को निकली छात्रा
चौबीस घंटे के भीतर करेली पुलिस ने किया बरामद
प्रयागराज। विष्णु भगवान स्कूल में सातवीं में पढने वाली किशोरी बिना घर वालों को बताए मुंबई जाने वाली कायायनी ट्रेन में जा बैठी। इधर, परेशान परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। गुमशुदगी दर्ज करने के चौबीस घंटे के भीतर करेली पुलिस ने लापता किशोरी को नासिक के पास से ट्रेन में बरामद कर लिया। पुलिस किशोरी को लेकर यहां के लिए निकल चुकी है।
थाना करेली, भावापुर निवासी शैलेंद्र के मुताबिक उनकी पुत्री दिव्यांशी 12 वर्ष घर के पास स्थित एक कोचिंग में पढ़ने जाती है। रोजना की तरह सोमवार शाम को भी वह निकली लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद मंगलवार को करेली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री को डांस का काफी शौक है। गुमशुदगी दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। करेली पुलिस ने उसके घर एवं कोचिंग के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे रात भर में खंगाल डाले। इसके बाद स्टेशन के प्रवेश द्वार में लगे कैमरे जब तलाशे गए तब वह स्टेशन के भीतर जाते हुए दिखाई पड़ी। वहां से वह मुंबई जाने वाली कामायनी ट्रेन में बैठ गई। करेली इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने तुरंत मुंबई आरपीएफ से संपर्क किया। जैसे ही ट्रेन मनमाड स्टेशन पहुंची आरपीएफ टीम ने किशोरी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक उसके बैग में कई सेट नए कपड़ों के साथ ही मोबाइल भी मिला है। किशोरी को पुलिस सुरक्षा में यहां वापस लाया जा रहा है। किशोरी के सकुशल बरामद होने पर परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।