तेज तपिश संग लू के थपेड़ों ने बुधवार को भी परेशान किया। पारा मामूली कमी के साथ 46.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। रात तक गर्म हवाएं चुभती रहीं। दिन भर लू के थपेड़ों से लोग परेशान रहे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद हवाएं सुस्त हो गईं। लू के थपेड़े आंधी नहीं बन सके। शाम तकरीबन साढ़े चार बजे बादलों ने डेरा डाला और रात तक दो बार बूंदाबांदी हुई। लेकिन, गर्मी से राहत नहीं मिल सकी बल्कि उमस बढ़ गई।
बुधवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस कारण रात को चलने वाली हवाएं गर्म रहीं। वातावरण से नमी बिल्कुल गुम हो गई। अधिकतम आर्द्रता 49 और न्यूनतम 16 प्रतिशत रही। नमी का कम होना ही मौसम में बदलाव का कारण माना जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में आंधी, गरज चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम में बदलाव के लिहाज से अगले दो दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं। दिन में ‘हीट वेब’ चलने के साथ बीच-बीच में बौछारें भी पड़ेंगी। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्त्रस्वात के गठजोड़ से धूल भरी आंधी चल सकती है। गर्मी अभी सताएगी लेकिन गरज चमक के साथ अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार हैं। बीच-बीच में बादलों की धमाचौकड़ी राहत देगी।