Strike in crowded crossroads, fiercely sticks, sticks
भरे चौराहे सिपाहयों में मारपीट, जमकर चले लाठी-डंडे
एसपी यमुनापार ने तीनों के खिलाफ भेजी रिपोर्ट
नैनी में डांडी चौराहे की घटना, मची अफरातफरी
आलोक श्रीवास्तव
प्रयागराज। नैनी में डांडी चौराहे के पास शनिवार रात भरे चौराहे तीन सिपाहियों के बीच जमकर मारपीट हुई। दो सिपाहियों ने एक सिपाही को लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। सरेआम लाठी-डंडे चलने से वहां हड़कंप मच गया। बाद में किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया गया। एसपी यमुनापार का कहना है कि रिपोर्ट एसएसपी को भेजी जा रही है। आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है।
घटना रात 10.30 बजे की है। डांडी चौराहे पर एग्रीकल्चर चौकी में तैनात शमीम व एक अन्य सिपाही ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वहां विनोद नामक सिपाही पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विनोद व अन्य दोनों सिपाहियों की कुछ देर तक बातचीत होती रही। अचानक उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। पहले तो उनके बीच लात-घूंसे ही चलते रहे लेकिन कुछ देर बाद वहां लाठी-डंडे चलने लगे। भरे चौराहे हुई इस घटना से वहां भगदड़ मच गई। उधर करीब 10 मिनट तक सिपाहियों के बीच मारपीट होती रही। इस दौरान विनोद के साथ ही अन्य दोनों सिपाहियों को भी काफी चोटें आईं। सूचना मिली तो चौकी प्रभारी भाग कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया। चर्चा है कि शुक्रवार भोर में एक व्यक्ति के ट्रेन पर गिरने की सूचना मिली थी। हालांकि ड्यूटी पर होने के बावजूद जब सूचना देने के लिए शमीम व उसके साथी सिपाही को कॉल किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। शनिवार रात विनोद इसी को लेकर उनसे बात कर रहा था कि तभी दोनों सिपाहियों ने आपा खो दिया। घटना को लेकर एक चर्चा यह भी रही कि वसूली की रकम को लेकर यह झगड़ा हुआ।
झगड़ा किस बात को लेकर हुआ यह जांच का विषय है। लेकिन भरे चौराहे इस तरह मारपीट करना सरासर अनुशासनहीनता है। इस संबंध में रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। जिसमें तीनों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
दीपेंद्रनाथ चौधरी, एसपी यमुनापार