कौड़िहार के नेम तिवारी का पूरा गांव में चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक को पुलिस ने किसान के ट्यूबवेल की छत से बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों पीड़ित परिवारों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की है। मामले में पुलिस टीमें सीसीटीवी कैमरा की मदद से चोरों की तलाश में जुट गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के नेम तिवारी का पूरा गांव में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने सुरक्षा गार्ड करुणेश तिवारी, धर्म कांटा संचालक सुरेश तिवारी एवं मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव राहुल तिवारी के घर में एक साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के दौरान चोरों ने पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने करुणेश के घर से 800 ग्राम सोना, 1.37 लाख नकद व बंदूक, सुरेश के घर से 5 तोला सोना व डेढ़ लाख रुपये नकद और राहुल के मकान से 700 ग्राम सोना व 25 हजार की नकदी चोरी की थी।
बुधवार देर रात पुलिस को जांच के दौरान गांव के समीप कौड़िहार केवटान मोहल्ले में एक किसान के ट्यूबवेल की छत से करुणेश तिवारी की चोरी की गई दोनाली बंदूक को बरामद कर लिया।
आशंका जताई जा रही है कि भागने की जल्दबाजी में चोर इसे वहीं फेंक गए। इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस टीमें धार्मिक स्थल और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
-गार्ड की चोरी हुई दोनाली बंदूक बरामद कर ली गई है। पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है। पुलिस टीम गठित कर पुराने और नए गिरोह से जुड़े बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। -श्यामजीत प्रमिला सिंह, एसीपी, सोरांव