इलाहाबाद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय ने शनिवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हर हाल में होगा। इस दिशा में कदम भी बढ़ गए हैं। इसके लिए केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार पर विहिप किसी भी तरह का दबाव नहीं बना रही है, क्योंकि अपनों पर दबाव नहीं बनाया जाता। केंद्र और राज्य सरकार भी प्रयास कर रही है कि अयोध्या में रामलला का मंदिर बने।
माघ मेला स्थित परेड ग्राउंड में विहिप शिविर में पहुंचे चंपत राय ने अमर उजाला से हुई बातचीत में कहा कि देेश में लंबे समय बाद आपसी सौहार्द का माहौल बनाने में केंद्र सरकार कामयाब हुई है। स्व. अशोक सिंहल का सपना था कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हो। उन्होंने इसके लिए काफी प्रयास भी किया। उनका यह प्रयास अब फलीभूत हो रहा है। अयोध्या में राममंदिर निर्माण की ओर अब कदम बढ़ गए हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग भी चाह रहे हैं कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हो। गंगा में साफ जल न होने के सवाल पर चंपत राय ने कहा कि राज्य सरकार से कहा गया है कि कुछ ऐसी व्यवस्था की जाए कि स्नान पर्व के दो दिन पूर्व ही बैराजों से छोड़ा गया पानी इलाहाबाद तक पहुंच जाए। इससे किनारे की गंदगी भी साफ होगी और श्रद्धालुओें को नहाने के लिए स्वच्छ जल भी मिलेगा। विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया द्वारा लिखी गई पुस्तक के विमोचन को लेकर हो रहे विवाद पर चंपत राय ने किसी भी तरह की टिप्पणी से इंकार कर दिया। कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी कि प्रवीण भाई ने कोई किताब लिखी है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि विचार के लिए हर कोई स्वतंत्र है।