प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर सत्र 2021-22 की परीक्षा शनिवार से प्रारंभ हो गई है। इस दौरान विवि की ओर से गठित उड़ाका दल ने अलग-अलग केंद्रों से कुल 26 परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकडा है। सभी की उत्तरपुस्तिका भी जब्त कर ली गई। राज्य विश्वविद्यालय प्रशासन ने
इसकी रिपोर्ट देरशाम शासन को भेज दी। दोनों पालियों में कुल 44279 ने परीक्षा दी।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर समेत उससे संबद्ध के चारों जिलों में (प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़) में कुल 70 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली में सुबह इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन आर्ट (बीए और एमए), बीपीएड, बीएएसी एग्रीकल्चर,बीएएलएलबी, बीबीए, बीसीए और बायोटेक्नोलाजी की परीक्षा आफलाइन मोड में संपन्न हुई।
पहली में 15936 छात्र और 2589 छात्राओं ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में एलएलबी, इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (बीबीए और एमबीए), बीएड, बीएससी एग्रीकल्चर, बीएएलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीएससी बायोटेक और एलएलबी की परीक्षा हुई। इसमें 17729 छात्र और 8025 छात्राओं ने परीक्षा दी।
दोनों पालियों में कुल 430 परीक्षार्थीयों ने परीक्षा छोड़ दी है। परीक्षा के दौरान उड़ाका दल ने मंडल के अलग-अलग केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उड़ाका दल के पहुंचने से परीक्षा केंद्रों पर अफरातफरी मच गई। तलाशी के दौरान उड़ाका दल ने विभिन्न केंद्रों कुल 26 परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। इनकी उत्तरपुस्तिका जब्त कर कार्रवाई की जा रही है।