फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एडीए के दस्ते पर पथराव, हंगामा

Thu, 21 Jun 2018 01:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) के देवघाट झलवा में चले अतिक्रमण अभियान के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। यहां अभियान का विरोध कर रहे लोगों ने दस्ते पर पथराव कर दिया। पथराव से जहां दो कर्मचारी घायल हो गए तो वहीं  एक वाहन का शीशा भी टूट गया। विरोध कर रहे लोगों को बाद में पुलिस ने लाठी पटकते हुए खदेड़ दिया। इस दौरान एडीए ने तकरीबन दो हेक्टेयर जमीन अपनी खाली करवाई।
विज्ञापन


देवघाट झलवा में एडीए की जमीन पर काफी लोगों ने कब्जा कर रखा था। इस वजह से एडीए ने जिन लोगों को यहां जमीन आवंटित की थी वे वहां कब्जा नहीं कर पा रहे थे। सुबह सात बजे ही एडीए के तमाम अफसर अपने लाव लश्कर के साथ देवघाट झलवा पहुंच गए। पुलिस के आने के बाद वहां सुबह दस बजे के आसपास कार्रवाई शुरू की गई। यहां ट्रिपल आईटी के पहले एक पार्क से कब्जा हटाना शुरू किया गया तो वहां स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। नौबत हाथापाई की आ गई। इस बीच पुलिस ने विरोध करने वाले दो युवकों को पकड़ा, तो पकड़े गए एक युवक ने वहां खड़े वाहन पर अपना सिर पटकना शुरू कर दिया। यह देख एक किसान यूनियन से जुड़े नेता के साथ काफी संख्या में और लोग आ गए। सभी ने वहां एडीए के दस्ते को घेर लिया। वहां धक्का मुक्की हुई। किसी तरह से पुलिस ने लोगों पर काबू किया।

इसके बाद वहां एक स्कूल संचालक द्वारा कब्जा की गई जमीन पर बने निर्माण को एडीए दस्ते ने गिराना शुरू किया तो लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस पथराव से दो कर्मचारियों को भी चोट लगी। पुलिस के वाहन का भी शीशा टूट गया। पुलिस ने यहां एक बार फिर से पथराव करने वाले लोगों को खदेड़ा। इसके बाद दो हेक्टेयर जमीन से अवैध कब्जा खाली कराया गया। इस दौरान छह भवन के अलावा कई अन्य अवैध निर्माण यहां ध्वस्त किए गए। एडीए सचिव अजय अवस्थी ने बताया कि वहां कुछ लोगों ने हंगामा करने का प्रयास किया। हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी जाएगी। उधर एडीए के जोनल अफसर आलोक पांडेय का कहना है कि देवघाट झलवा में 15-16 से मूल आवंटी कब्जा नहीं कर पा रहे थे। आज अभियान चलाकर वहां से अवैध निर्माण हटाने के साथ आवंटियों को कब्जा दिलाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें