कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा-2025 टियर-वन में तकनीकी कारणों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। 2000 अभ्यर्थियों ने तो इसकी शिकायत की है। आयोग की जांच में शिकायत सही पाई गई तो इन अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
आयोग की ओर से पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों से परीक्षा के संबंध में फीडबैक मांगा गया। एक सप्ताह में करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने फीडबैक दिया है। इनमें से करीब 2000 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा के संचालन के दौरान तकनीकी बाधाओं की बात कही है। आयोग की ओर से इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार प्रत्येक शिकायत की जांच की जा रही है। इसमें दावे सही पाए जाते हैं तो आयोग प्रभावित परीक्षार्थियों को एक और अवसर प्रदान करेगा। इसका निर्णय लिया गया है। पुनः परीक्षा 26 सितंबर या इससे पहले कराई जा सकती है। इसकी जानकारी आयोग की वेबसाइट व पोर्टल पर दी जाएगी।
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर भर्ती का परिणाम घोषित
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर रिपर्टरी के तीन पदों के लिए आयोजित साक्षात्कार का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। इन पदों के लिए 17 सितंबर को आयोजित साक्षात्कार में 10 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से सुतापा नंदी और रागिनी शिवहरे को सफल घोषित किया गया है। योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण अनुसूचित जाति का एक पद खाली रह गया।