केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल केलिए कर्मचारी चयन आयोग करता है सिपाही के पदों पर भर्ती
आयोग के वार्षिक कार्यक्रम में कांस्टेबल जीडी भर्ती 2019, 2020 को शामिल नहीं किया गया
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से जारी वार्षिक कैलेंडर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल केलिए होने वाली कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा को जगह नहीं दी गई है। आयोग की ओर से एक अक्तूबर 2019 से 31 मार्च 2021 के बीच पड़ने वाली 26 भर्ती परीक्षाओं के बारे में जानकारी दी गई है। इसमें एमटीएस भर्ती, सीजीएल, सीएचएसएल, स्टेनोग्राफर, जेई और दिल्ली पुलिस में एसआई सहित कई परीक्षाओं को शामिल किया गया है। आयोग की ओर से सबसे प्रमुख भर्ती परीक्षाओं में से एक कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा 2019 एवं 2020 को जगह नहीं दिया गया है।
एसएससी की ओर से कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा को वार्षिक कैलेंडर में जगह नहीं दिए जाने से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के लिए सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे परीक्षार्थियों में निराशा है। तैयारी कर रहे अजीत कुमार, सुनील मौर्या, अरविंद सहित कई अन्य छात्रों ने वार्षिक कैलेंडर में कांस्टेबल जीडी परीक्षा को शामिल नहीं करने का विरोध किया है। इससे पूर्व में भी 2013-14 में सिपाही भर्ती परीक्षा के पद घोषित नहीं किए गए थे। एसएससी ने उस समय सिपाही भर्ती के लगातार विवादों में रहने के कारण इससे किनारा कर लिया था। 2015 में गृह मंत्रालय की ओर से दोबारा इस भर्ती के लिए एसएससी को तैयार किया गया।
कांस्टेबल जीडी परीक्षा को एसएससी के कैलेंडर में शामिल नहीं किए जाने के संबंध में एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान का कहना है कि इस संबंध में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की ओर से एसएससी से संपर्क नहीं किया गया है। सीएपीएफ और गृह मंत्रालय की ओर से कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा के बारे में संपर्क नहीं किए जाने से इस भर्ती को कैलेंडर में जगह नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि आयोग के पास केंद्र सरकार की ओर से जितने पदों पर भर्ती के लिए सूचना भेजी गई है, उनको कैलेडर में जगह दी गई है।