SRN: ward no. 8 will become isolate now.
- फोटो : ALDCOMPACT
प्रयागराज। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में वार्ड नंबर सात के बाद अब वार्ड नंबर आठ को भी आईसोलेट बनाया जा रहा है। डीएम से आदेश मिलने के बाद पीडल्ब्यूडी ने काम शुरू कर दिया है। यह वार्ड भी वार्ड नंबर सात की तरह ही 20 बेड का होगा।
चिकित्सालय में अभी तक कोरोना मरीजों के लिए वार्ड नंबर सात में बीस बेड का आईसोलेट वार्ड है। इसके अलावा चिकित्सालय में हाल ही में बनी पीएमएसएसवाई बिल्डिंग में 200 बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही न्यू प्राईवेट वार्ड में बने 16 अलग-अलग कक्षों को संदिग्ध मरीजों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। वायरस की भयावहता को देखते हुए इस वार्ड को भी आईसालेट बनाने का काम शुरू कर दिया है। डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी इस वार्ड को आईसोलेट वार्ड में रेनोवेट करा रहा है। मंगलवार को यहां कर्मचारी काम करते नजर आए। पूरा काम चिकित्सालय प्रशासन की देखरेख में किया जा रहा है। मंगलवार वार्ड के रेनोवेट के लिए प्रस्ताव भी चिकित्सालय के अधिकारियों ने पास कर दिया। चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एके सिंह ने कहा कि जल्दी ही वार्ड को आईसालेट बनवा लिया जाएगा। ताकि जरूरत पर मरीजों को भर्ती किया जा सके।
वार्ड नंबर सात में लगाए गए वेंटिलेटर
प्रयागराज। वार्ड नंबर सात में मंगलवार को आठ वेंटिलेटर लगा दिए गए हैं। ये वेंटिलेटर मेडिसिन आईसीयू में लगाए गए थे। मेडिसिन आईसीयू से हटाकर इसे यहां लाया गया है। चिकित्सालय प्रशासन का कहना है कि कोरोना मरीजों के लिए वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ेगी। ऐसे में वेंटिलेटर, मॉनिटर सहित अन्य चिकित्सकीय उपकरणों को पहले ही लगाया जा रहा है।
सफाई कर्मियों से वार्ड ब्वाय का काम
चिकित्सालय में सफाई कर्मियों की भी कमी है। बताया जा रहा है कि चिकित्सालय में स्थायी तौर पर तैनात 103 सफाई कर्मियों से वार्ड ब्वॉय का काम कराया जा रहा है। सफाई का काम केवल संविदा कर्मचारी ही कर रहे हैं। उनकी संख्या भी 40 ही है। ऐसे में सफाई कर्मियों की भी जरूरत है। जिससे कि कोरोना की जंग जीती जा सके।