यह है ब्रेकीथेरेपी
ब्रेकीथेरेपी कैंसर के इलाज की महत्वपूर्ण तकनीक है। इसमें रेडियोधर्मी स्रोत को ट्यूमर के नजदीक या उसके भीतर रखकर विकिरण दिया जाता है। इस तकनीक का उपयोग विशेष रूप से सर्वाइकल, मुंह और स्तन कैंसर समेत कई प्रकार के कैंसर के उपचार में किया जाता है। इसमें उच्च स्तर के रेडियोधर्मी तत्वों का इस्तेमाल होता है इसलिए परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप मशीन स्थापित करने के लिए विशेष व्यवस्था जरूरी है। इसके लिए मोटी दीवारों वाले विशेष बंकर का निर्माण किया जाता है।
बार-बार खराब होती है पुरानी टेलीकोबाल्ट मशीन
एसआरएन के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में प्रतिदिन काफी कैंसर मरीज आते हैं। ब्रेकीथेरेपी की सुविधा नहीं होने और पुरानी टेलीकोबाल्ट मशीन के बार-बार खराब होने से मरीजों को दिक्कत हो रही है। कई मरीजों को वाराणसी, लखनऊ या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। वहीं, निजी अस्पतालों में इस उपचार पर 60 से 70 हजार रुपये तक खर्च होने की बात सामने आई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
हाईकोर्ट ने भी लिया था मामले का संज्ञान
वर्ष 2024 में हाईकोर्ट ने भी ब्रेकीथेरेपी मशीन की स्थापना में देरी होने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद प्रदेश सरकार को परिसर में प्रस्तावित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मशीन की स्थापना का निर्देश दिया था।
दोगुनी हुई मशीन की कीमत
ब्रेकीथेरेपी की मशीन वर्ष 2018 में 5.40 करोड़ रुपये में यूके की इलेक्टा कंपनी एसआरएन अस्पताल को दे रही थी। वहीं नौ साल के अंतराल में मशीन के कीमत दोगुनी होने का अनुमान है। पीएमएसएसवाई की नोडल संस्था हिंदुस्तान लैटिक्स लिमिटेड (एचएलएल) से दोबारा मशीन देने के लिए कहा तो संस्था ने मशीन की कीमत बढ़ने की बात सामने रखी।
ब्रेकीथेरेपी मशीन की स्थापना के लिए तैयारी हो चुकी है। मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का डीपीआर शासन को भेजा गया है। बजट की मंजूरी मिलते ही बंकर बनाने का काम शुरू होगा। - डॉ. एके वर्मा, प्राचार्य, मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज