एसआरएन में चूहों ने काटा तार, एमआरआई
डिजिटल एक्सरे की मशीन महीनों से है ठप
प्रयागराज। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) में मरीज एमआरआई और डिजिटल एक्सरे कराने के लिए भटक रहे हैं। करीब 50 लाख की लागत से कुंभ के पहले मंगाई गई डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापना के बाद से ही ठप है। यही हाल एमआरआई मशीन का भी है। दोनों मशीनों के तार चूहों ने काट दिए हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कंपनी के इंजीनियर खराबी दूर करने में टालमटोल कर रहे हैं।
कोरांव की हरिता देवी, करछना के रामसजीवन, मिर्जापुर की रनिया पटेल, फूलपुर के सभाजीत आदि मरीज डिजिटल एक्सरे न होने मायूस हुए। इनमें से तीन ने निजी सेंटरों में जाकर एक्सरे कराया। वहीं एमआरआई के लिए नाम लिखाने वाले हरिकिशन, पप्पू और चंद्रावती आदि पूछताछ कर बैंरग लौटने को मजबूर हुईं।
एसआरएन अस्पताल में कुंभ के बजट से अन्य कार्यों के साथ डिजिटल मशीन स्थापित की गई थी। मंत्री के लोकार्पण करने के बाद कुछ दिन तो मशीन चली फिर फिल्म खत्म हो गई। दोबारा फिल्म मंगाई गई तो मशीन स्टार्ट ही नहीं हुई। कंपनी के इंजीनियर बुलाए गए। बताया गया कि चूहों ने तार काट दिया है। दूसरे दिन आने की बात कहकर गए इंजीनियर डेढ़ महीने बाद भी खराबी दूर करने नहीं आए हैं।
वर्जन
मशीनों के रखरखाव का जिम्मा मशीन देने वाली कंपनी पर ही है। करार के मुताबिक उनसे पत्राचार किया गया है। कंपनी के बंगलूरू मुख्यालय को सूचना दी गई है। जल्द ही वहां से इंजीनियर आकर मशीन दुरुस्त करेंगे।
- डॉ. एके श्रीवास्तव, एसआईसी एआरएन