कोरांव में सड़क हादसे के
बाद बवाल, पुलिस पर पथराव
शव रखकर चक्का जाम, पुलिस की जिप्सी, बोलेरो भी तोड़ी
कोरांव (ब्यूरो)। थाना कोरांव के बैदवार गांव में बुधवार को डंपर की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने शव रखकर पांच घंटे तक चक्का जाम किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव भी किया। बवाल के दौरान पुलिस की दो गाड़ियां तोड़ दी गईं। बाद में कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया।
कोरांव के ऊल्दा गांव निवासी इंद्रजीत (35) पुत्र रामसजीवन कुशवाहा नगर पंचायत कोरांव स्थित एक कपड़ा व्यवसायी के यहां काम करता था। बुधवार सुबह रोज की तरह वह साइकिल से अपना काम करने नगर पंचायत कोरांव जा रहा था। जैसे ही वह कपासी लिंक मार्ग से कोरांव ड्रमंडगंज मुख्य मार्ग पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने इंद्रजीत को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन व स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया व हादसे की सूचना डॉयल 100 को दी। डायल 100 की टीम ने डंपर चालक को पकड़ा और छोड़ दिया। इसका पता लगते ही आक्रोशित परिजनों ने मौके पर पहुंची डॉयल100 की टीम को दौड़ा लिया। डॉयल 100 की टीम ने घटना की सूचना थाना कोरांव को दी। जिस पर प्रभारी निरीक्षक अवन कुमार दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। लोगों ने पुलिस की जिप्सी व बोलेरो को ईंट-पत्थर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव में कुछ पुलिस वाले घायल हो गए। इधर पब्लिक का आक्रोश देखकर कोरांव पुलिस मौके से भाग निकली। पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मेजा राजेश्वर सिंह व उपजिलाधिकारी कोरांव जितेंद्र पाल मौके पर पहुंचे, लेकिन लोगों ने चक्काजाम नहीं खोला। घटना के लगभग 5 घंटे बाद एडीएम प्रशासन विजय शंकर दुबे व पुलिस अधीक्षक यमुनापर दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मौके पर पहुंचकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजनों ने चक्काजाम खोलकर आवागमन बहाल कर दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी कुसुम कली की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया व शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
------------------------------------------------------------------
पुलिस पर हमले के साथ दूसरे ट्रक को भी तोड़ा
कोरांव। चक्काजाम कर रही भीड़ इतनी उत्तेजित थी कि घटना के बाद पीछे से आ रहे एक ट्रक को ईट-पत्थर से तोड़ दिया। कई आने वाले वाली गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। थाने की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे क्षेत्राधिकारी मेजा पहले तो लोगों से शव हटाने के लिए कहते रहे लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने स्वयं शव को हटाने का प्रयास किया। यह देख परिजन उत्तेजित हो गए और पुलिसकर्मियों को उंगली दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि शव को हटाया तो यहां खड़े वाहनों में आग लगा देंगे। इससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
डायल 100 के सिपाहियों पर था गुस्सा
थाना कोरांव के बैदवार गांव में हाईवा की चपेट में आने से हुई साइकिल सवार की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा डॉयल 100 को सूचना दी गई थी। चर्चाओं की मानें तो घटनास्थल के लिए जा रही डॉयल 100 की टीम ने रास्ते में शिवा फिलिंग स्टेशन पर हादसा करने वाली डंफर को रोका और बातचीत के बाद छोड़कर घटनास्थल के लिए निकले। जिसकी सूचना पर मृतक के परिजन आग-बबूला हो गए और पुलिस की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया। पीछे से आ रही महाकाल कंपनी के ट्रक को भी तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान को दौड़ाया
बैदवार गांव में हुई साइकिल सवार की दर्दनाक मौत के बाद कई घंटो तक चक्काजाम चलता रहा। चक्काजाम के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के गाड़ियों को तोड़ने के साथ ही ग्राम प्रधान उल्दा को गालियों व अपशब्दों का प्रयोग करते हुए घटनास्थल से दूर भगा दिया। जब जिले से ए.डी.एम. प्रशासन व पुलिस अधीक्षक यमुनापार के साथ कई थानों की फोर्स पहुंची तब जाकर चक्काजाम शांत हो सका।
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
इंद्रजीत अपने तीन भाईयों में बड़ा था व उसकी पत्नी कुसुम कली, दो लड़के व एक लड़की हैं जिनका वह भरण-पोषण करता था। घटना के बाद मृतक की पत्नी समेत बच्चों को रो-रोकर बुरा हाल था।
फोटो फाइल 66 बड़ोखर- 1 परिजनों ने शव को घटनास्थल पर रखकर किया चक्काजाम
2,3 आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़ी पुलिस की गाड़ी
4 गुस्साए लोगों ने पीछे से आ रही ट्रक को भी तोड़ दिया।
5 मौके पर पहुंची पुलिस टीम।