मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता।
- फोटो : अमर उजाला।
नौवीं उत्तर प्रदेश राज्य एथलेटिक चैंपियनशिप में 10 पदक (चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य) जीतकर वाराणसी ओवरऑल चैंपियन बना। छह पदक (दो स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य) के साथ प्रयागराज ने दूसरा और तीन पदक (दो स्वर्ण और एक कांस्य) के साथ बुलंदशहर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में हुई।
बालक वर्ग के 1000 मीटर दौड़ में फिरोजाबाद के आशीष ने पहला, शामली के रचित कुमार ने दूसरा और संभल के दीपक कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में प्रयागराज के वरुण राठी पहले, अलीगढ़ के मोहम्मद हमजा दूसरे और गोरखपुर के प्रसिद्ध नाथ यादव तीसरे स्थान पर रहे। ऊंची कूद में मेरठ के रामानंद सिंह प्रथम, प्रयागराज के सिद्धार्थ राजा द्वितीय और मेरठ के दिव्यांशु यादव तृतीय रहे।
100 मीटर दौड़ में फर्रुखाबाद के वर्धन दीक्षित ने पहला, हापुड़ के देव कुमार ने दूसरा और अलीगढ़ के शिवांकर कश्यप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालक 400 मीटर दौड़ में हाथरस के अनुज कुमार पहले, यूपी स्पोर्ट्स कॉलेज के सत्यम कैलाश पाल दूसरे, प्रयागराज के आकाश सरोज तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, लंबी कूद में आगरा के सुखवीर सिंह को पहला, वाराणसी के विकास कुमार को दूसरा और चंदौली के साहिल पांडे तीसरा स्थान मिला।
एथलेटिक एसोसिएशन की ओर से हुई इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 62 जिलों के 502 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने 22 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार के मुताबिक, समापन समारोह में मुख्य अतिथि इंटरनेशनल खिलाड़ी रण विजय सिंह रहे। इसके अलावा एसोसिएशन के प्रयागराज जिले के सचिव रुस्तम खान, सलेक्शन कमेटी के सदस्य डोरी लाल शर्मा, तकनीकी कमेटी के अध्यक्ष अनु कुमार और एथलेटिक प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह उपस्थित रहे।