इलाहाबाद (ब्यूरो)। गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर खेली गई स्व. कुंवर आनंद सिंह एवं इदरीश अहमद मेमोरियल प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने एनईआर गोरखपुर को जीरो के मुकाबले दो गोलों से मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और एक भी गोल नहीं होने दिया। इस दौरान दोनों टीमों को पेलाल्टी कार्नर भी मिले लेकिन वे गोल में तब्दील नहीं हो पाए। दूसरे हाफ में फिर दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर आक्रमण करना शुरू कर दिया।
मैच के 35वें मिनट में एनईआर गोरखपुर को पेनाल्टी कार्नर मिला, लेकिन गोल में तब्दील नहीं हो पाया। 40वें मिनट में लखनऊ के अमित ने शानदार मैदानी गोल करके टीम को जीरो-एक से बढ़त दिला दी। 47वें मिनट में अमित ने दूसरा गोल दाग दिया। इस तरह से लखनऊ की टीम जीरो के मुकाबले दो गोल से विजयी हुई। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि रहे पोस्ट मास्टर जनरल एसएफ रिजवी, विशिष्ट अतिथि पूर्व ओलंपियन रविंद्र पाल, पूर्व ओलंपियन शकील अहमद ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मैन ऑफ दी मैच का अवॉर्ड स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ के अमित सिंह को दिया गया। बेस्ट फारवर्ड का खिताब ऐहतशाम खान को, बेस्ट फील्डर का एनईआर गोरखपुर के मो. हसीब, बेस्ट गोलकीपर का स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ के सुशील यादव, बेस्ट निर्णायक का अवॉर्ड पीयूष अवस्थी को दिया गया। इस दौरान सीनियर खिलाड़ी श्याम बाबू गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, आईएच खान, जहीरउद्दीन को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रतियोगिता के संयोजक राजेश वर्मा, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पीएस शुक्ला, एआई नोमानी आदि मौजूद रहे।