इलाहाबाद (ब्यूरो)। सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के साथ दीपावली के मौके को कैश कराने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। बाजार में जबरदस्त भीड़ से बचने के लिए लोग ऑनलाइन शॉपिंग को तरजीह दे रहे हैं।
बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिन्होेंने मनपसंद सामान की बुकिंग करा दी है, जबकि ऐसे लोग भी हैं जो इस उम्मीद से लगातार बुकिंग करा रहे हैं कि धनतेरस या फिर दीपावली तक सामान हर हाल में उनके हाथ में हो। इसके लिए कंप्यूटर या स्मार्ट फोन का सहारा लिया जा रहा, जो ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले तकरीबन हर किसी के हाथ में है। ऑनलाइन शॉपिंग कराने वाली कंपनियां भी इस मौके को पूरी तरह भुना रही हैं सो तमाम उत्पादों पर बंपर ऑफर भी दिए जा रहे हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियां घरेलू उपयोग का तकरीबन हर सामान घर पहुंचा रही हैं। दीपावली के मद्देनजर कंपनियों ने उत्पादों की रेंज भी बढ़ा दी है। अभी तक मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, कैमरे, ज्वैलरी, हर वर्ग के लिए ब्रांडेड रेडीमेड कपड़े एवं जूते, एक्सेसरीज, पर्स, बैग घड़ियां, चादर, आदि उपलब्ध करा रही थीं, लेकिन दीपावली का मौका होने के कारण कंपनियों की ऑनलाइन शॉपिंग में बर्तन, टीवी, फ्रिज, आलमारी, सोफा आदि भी शामिल हो गए हैं। ग्राहकों को सिर्फ इतना करना है कि अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर किसी भी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी की साइड पर जाकर उत्पादों को पंसद करना है और एक क्लिक में उसे बुक करा देना है।
दीपावली के अवसर पर सबसे ज्यादा डिमांड इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की है सो कंपनियां इन उत्पादों पर 70 फीसदी तक का डिस्काउंट भी दे रही हैं। पूरी योजना के साथ आई यह कंपनियां रेडीमेड कपड़े, जूते, चप्पल, मोबाइल समेत अन्य उत्पादों पर भी भारी छूट दे रही हैं।
दीपावली के मद्देनजर जिन लोगों ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से सामान बुक कराया है, उन्हें समय से सामान की डिलीवरी लिए कंपनियों के गोदाम भर गए हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में इन कंपनियों के गोदाम हैं। कई कंपनियों ने तो त्योहार के मद्देनजर मांग के अनुरूप पहले से बड़ी मात्रा में स्टॉक पहुंचा दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है कि ऑर्डर मिलते ही कम से कम समय में माल की डिलीवरी की जा सके।
इस बार धनतेरस और दीपावली पर बाजार में चहल-पहल तो है लेकिन इस पर ऑनलाइन शॉपिंग का भी प्रभाव है। मोबाइल, ब्रांडेड रेडीमेड कपड़े, जूते-चप्पल जैसे उत्पाद बेचने वाले व्यापारी इसे लेकर चिंतित हैं क्योंकि ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों में इन्हीं उत्पादों की बुकिंग ज्यादा हो रही है।