फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छिटपुट बवाल के बीच 60 फीसदी मतदान

Sat, 10 Oct 2015 01:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। छिटपुट बवाल के बीच शुक्रवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत यमुनापार के पांच ब्लॉकों में तकरीबन 60  फीसदी मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। सूरज के साथ ग्रामीण इलाकों में राजनीति का पारा भी चढ़ने लगा और बूथों पर वोटरों की भीड़ नजर आने लगी। इस भीड़ में शामिल अलग-अलग प्रत्याशियों में भिड़ंत हो गई। कहीं समर्थक एक-दूसरे से मारपीट कर बैठे तो कहीं ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। एक बूथ पर गलत मतपत्र पहुंचने से बवाल हुआ तो एक अन्य इलाके में प्रत्याशी के समर्थक ने महिला वोटर के हाथ से मतपत्र छीनकर फाड़ दिया। बवाल की सूचना पर कई बूथों पर डीएम संजय कुमार एवं एसएसपी केएस इमैनुएल खुद पहुंचे और मामले का निपटारा किया।
विज्ञापन

पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत मेजा, करछना, मांडा, कोरांव और उरुवा ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 440 पदों के लिए  सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। नौ बजे तक बूथों पर भीड़ कम नजर आई लेकिन सूरज चढ़ने के साथ ही बूथों पर वोटरों की कतार बढ़ने लगी। दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 43.6 फीसदी तक पहुंच गया।

शाम पांच बजे तक कुल आठ लाख 20 हजार 472 वोटरों में 55.19 फीसदी मतदान कर चुके थे और जिला पंचायत सदस्य के 440 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के 567 प्रत्याशियों की किस्मत मुहर सहित बैलेट बॉक्स में बंद हो चुकी थी। पंचायत चुनाव का पहला चरण काफी गहमागहमी वाला रहा। मतदान के दौरान मेजा के भुसका गांव में दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। वहीं, उरुवा ब्लॉक के छतवा गांव में अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर ईंट पत्थर भी चलाए। मेजा के तेंदुआखुर्द गांव में बूथ नंबर 90 एवं 91 पर दो पक्षों का झगड़ा सुलझाने पहुंचे एसआई और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। भीड़ ने दोनों को दौड़ा लिया तो उन्हें मौके से भागना पड़ा। बाद में फोर्स के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
विज्ञापन


मेजा के चांद खमनिया बूथ नंबर 92 पर गलत मतपत्र पहुंच गए। वहां बीडीसी पद के सात प्रत्याशी थे जबकि मतपत्र पर तीन प्रत्याशियों का ही चुनाव चिह्न था। इस पर वहां जमकर हंगामा हुआ। सही मतपत्र मंगाए गए और दोपहर 12 बजे के बाद मतदान शुरू हुआ। वहीं, उरुवा ब्लॉक के कोठरी गांव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया, क्योंकि उनका मतदान केंद्र गांव से काफी दूर सराय कला में बना दिया गया जबकि पहले कोठरी प्राथमिक विद्यालय में ही मतदान केेंद्र बनाया जाता था।

उधर, कोरांव के सेमहिया गांव में एक प्रत्याशी के समर्थन ने एक महिला पर फर्जी वोटर का आरोप लगाते हुए उसके हाथ से मतपत्र छीनकर फाड़ दिया। करछना के डीहा गांव में एक हजार वोटरों का नाम मतदाता सूची से गायब हो जाने पर वोटरों ने बूथ पर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वोटरों को बूथ का घेराव कर रहे वोटरों को वहां से हटाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें