पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पं. केशरीनाथ त्रिपाठी ने शनिवार की शाम सेवा के क्षेत्र में रोटरी क्लब के 75 वर्ष के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब के मानव सेवा के कार्य दूसरों के लिए प्रेरणादायक बन सकते हैं। साथ ही रोटेरियन को भीड़ का हिस्सा न बनने की सलाह भी दी। कहा कि समाज के लिए अब कुछ अलग हटकर बेहतर करने की जरूरत है। रोटरी क्लब इलाहाबाद को पदग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने यह बातें कहीं।
थार्न हिल रोड स्थित एक होटल में रोटरी क्लब इलाहाबाद के पद ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने सेवा भाव को सर्वोपरि बताया। कहा कि इस शहर से उनका बेहद गहरा लगाव है। यहां के लोगों का प्यार उन्हें बरबस खींच लाता है। इससे पहले क्लब के अध्यक्ष पद पर रवि जायसवाल, सेक्रेटरी देश दीपक गुप्ता, वाइस प्रेसीडेंट मोहम्मद अकील सईद, ट्रेजरार सुनील जायसवाल के अलावा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के सदस्यों में संजीव गोयल, आनंद वैश्य, अमिताभ गर्ग, मुकेश बत्रा, वरुम जायसवाल, रवींद्र कुमार गुप्ता, राहुल सरीपत, सारिका केसरवानी, ज्वाइंट सेक्रेटरी राजीव रंजन अग्रवाल, अजय अग्रवाल, मो. तारिक खान ने पद ग्रहण किया। नई टीम को जिम्मा सौंपा निवर्तमान अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने। इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्रुति अग्रवाल, इनरह्वील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन शालिनी तलवार, अगले वर्ष के लिए चुनी गई रोटरी क्लब की अध्यक्ष डॉ. अभिलाषा चतुर्वेदी, रवींद्र गुप्ता, दिवाकर शर्मा समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
रोटरी क्लब ईस्ट ने शनिवार की शाम अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई उत्सव मनाया। गोल्डेन जुबली में रोटेरियन ने एक दूसरे को बधाइयां दीं और सेवा कार्यों को बढ़चढ़ कर करने का संकल्प लिया। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित भव्य समारोह में रोटेरियन संजीव अग्रवाल ने वर्ष भर के कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने गरीबों, जरूरतमंदों की मदद के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर केके शर्मा, अनूप श्रीवास्तव समेत तमाम लोग मौजूद थे।