फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसपीजी ने संभाली कमान, प्रशासन तैयारी में जुटा

Thu, 13 Dec 2018 01:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
मोदी - फोटो : SELF
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 दिसंबर को शहर में होंगे। अभी तक  उनका प्रोटोकाल नहीं आया है लेकिन, एसपीजी ने बुधवार को कमान संभाल ली। प्रशासन भी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। संगम क्षेत्र तथा सभा स्थल पर रिहर्सल भी हुई। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर देर रात तक मेला प्रशासन कार्यालय में बैठकें होती रहीं।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री का विमान एमनएनआईटी परिसर में उतरेगा। वहां से वह संगम जाएंगे। संगम पूजन के अलावा वह अक्षय वट और बड़े हनुमानजी का दर्शन करेंगे। इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण करेंगे। इसके बाद एमएनएनआईटी वापस हाेंगे और वहां से झूंसी स्थित सभा स्थल के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल ने ऐसे कार्यों की सूची सभी तरह के विवरण के साथ मांगी है। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए एसपीजी की टीम बुधवार को ही यहां पहुंच गई। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम वाले हर स्थल की सुरक्षा खुद ले ली है। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आदि के भी आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए संगम पर घाट बनाए जा रहे हैं। अन्य तैयारियां भी देर रात चलती रहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारी तथा सुरक्षा इंतजाम दो स्तर पर किए जा रहे हैं। एमएनएनआईटी में उतरने तथा झूंसी में होने वाली सभा की तैयारी जिला प्रशासन के हवाले है। वहीं संगम क्षेत्र में उनके कार्यक्रम की तैयारी मेला प्रशासन ने संभाल रखी है। तैयारियों के मद्देनजर देर रात तक बैठकें भी चलती रहीं। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल भी देर रात तक मेला क्षेत्र में डटे रहे। मेला प्रशासन पांडाल में मंडलायुक्त और कुुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने अलग-अलग बैठकें लीं। वहीं डीएम सुहास एलवाई ने कलेक्ट्रेट में बैठक की।
विज्ञापन


3200 बीघे में फैला कुंभ मेला क्षेत्र आयोजन के दौरान एक अलग जिला के रूप में होगा। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि 16 दिसंबर को अलग जिला के रूप में यह अस्तित्व में आ सकता है। इसकी घोषणा स्वयं प्रधानमंत्री कर सकते हैं। इस बार मेला में 12 से 15 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है। मुख्य स्नान पर्वों पर आठ से नौ करोड़ लोगों के स्नान की संभावना हैं। ऐसे में इस दौरान जनसंख्या के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा जिला तो होगा ही, कई देशों से भी इसकी आबादी अधिक होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को सफल  बनाने एवं उसमें ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की तैयारियां भाजपाइयों ने शुरू कर दी है। अंदावा के संत निरंकारी सत्संग मैदान में होने वाली  जनसभा के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां वे सुबह 11 बजे सभा स्थल पर भूमि  पूजन करेंगे।

पीएम की जनसभा के लिए काशी  प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में भाजपा नगर, गंगापार एवं यमुनापार के पदाधिकारियों की एक बैठक  हुई। बैठक में सेक्टर प्रमुख, बूथ अध्यक्ष से कहा गया कि प्रत्येक व्यक्ति  20-20  लोगों को सभा स्थल पर ले जाने का लक्ष्य सुनिश्चित करें। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने मोदी  सरकार की पिछले साढ़े  चार साल की उपलब्धियों का भी बखान किया। काशी प्रांत  मीडिया सह प्रभारी मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि पीएम की सभा में  मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ, डिप्टी  सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट  मंत्री सिद्धार्थ  नाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ  पांडेय भी मंच साझा करेंगे।

इस बीच नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता के  नेतृत्व में पार्टी का एक दल अंदावा स्थित रैली स्थल भी गया। भाजपा मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव के मुताबिक  बृहस्पतिवार को  भूमि पूजन करने के बाद डिप्टी सीएम दोपहर में  ही लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं दूसरी और भाजपा युवा मोर्चा  की अध्यक्ष भी पीएम की  जनसभा की तैयारियों के मद्देनजर हुई। बैठक में युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष विनय मिश्र सिंटू ने कहा कि 16 दिसंबर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बांध स्थित हनुमान मंदिर से ढोल  ताशा के साथ अंदावा के लिए सुबह 11 बजे रवाना होंगे। बैठक में कुशाग्र श्रीवास्तव, हर्ष केसरी, सुशील मिश्र, उत्कर्ष शर्मा, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए भारी भरकम इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान 12 जिलों से 2000 पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई है। तकरीबन इतने ही पुलिस वाले प्रयागराज से भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा शासन से 14 कंपनी पीएसी मांगी गई है। आरएएफ भी लगाई जाएगी। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। शासन स्तर पर भी सुरक्षा को लेकर बैठक हो चुकी है। शासन ने 14 कंपनी पीएसी मांगी गई है। जल्द ही फोर्स पहुंच जाएगी। एक दर्जन जिलों से 15 सौ कांस्टेबिल, 400 दरोगा, 39 सीओ, 16 एएसपी और आठ एसपी रैंक के अधिकारी आ रहे हैं। लगभग इतनी ही फोर्स जिले से भी लगेगी। एसएसपी ने बताया कि ड्यूटी में लगाई गई फोर्स जल्द ही यहां आ जाएगी। इसके बाद ब्रीफ किया जाएगा। हेलीपैड से कुंभ मेला क्षेत्र और फिर वहां से जनसभा स्थल तक पूरी जिम्मेदारी जिला पुलिस की रहेगी। कुंभ मेला क्षेत्र में कुंभ पुलिस को तैनात किया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन पर कुछ जगहों पर यातायात प्रतिबंध रहेंगे जिसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। पीएसी के साथ आरएएफ को भी लगाया जाएगा। इसी तरह तरह 15 दिसंबर को जो डेलीगेट्स आ रहे हैं। कुंभ मेला तक उनकी सुरक्षा और यातायात से संबंधित ड्यूटी लगाई जा रही है। फोर्स इस समय पर्याप्त है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें