पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल ने मंगलवार को विशेष इंतजाम किए। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए कानपुर और इटावा से एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इससे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल समेत प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म और प्रवेश-निकास द्वारों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई। कानपुर सेंट्रल से लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 6:15 बजे रवाना हुई। इसमें करीब 3,000 यात्री सवार थे। वहीं कानपुर-झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन 6:35 बजे लगभग 4,000 यात्रियों को लेकर रवाना हुई।
इटावा-झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन से करीब 1,500 अभ्यर्थियों ने यात्रा की। इसके अलावा इटावा-कोटा एक्सप्रेस को एक घंटे रिशिड्यूल कर संचालित किया गया। अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सहायता के लिए आरपीएफ व जीआरपी जवानों की तैनाती की गई। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए।