केंद्र सरकार की भर्ती परीक्षाओं में अब दिव्यांगों को प्रति घंटे की दर से 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। नई व्यवस्था को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में सबसे पहले लागू किया जा रहा है। बाद में इसे रेलवे भर्ती बोर्ड तथा बैंकों की भर्ती परीक्षा में लागू किया जाएगा।
केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए होने वाली भर्ती परीक्षाओं में लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं। सरकार के इस फैसले से इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में दिव्यांग परीक्षार्थियों को लाभ मिलेगा। एसएससी ने अपनी भर्ती परीक्षा में शारीरिक अक्षम, सेरेब्रल पाल्सी, दोनों हाथों से विकलांग और लिखने में असमर्थ अभ्यर्थियों के लिए यह व्यवस्था लागू कर दी है। सरकार की ओर से यह व्यवस्था लागू करने के पीछे तर्क यह है कि विकलांगता के कारण किसी योग्य परीक्षार्थी के हाथ से मौका निकल न जाए। आयोग की नई व्यवस्था में अब दिव्यांग परीक्षार्थी अथवा उसकी जगह परीक्षा दे रहे श्रुति लेखक को परीक्षा के दौरान प्रति घंटे के हिसाब से 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
एसएससी ने नोटिस जारी किया
एसएससी ने नोटिस जारी करके स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षार्थियों को इस सुविधा के लाभ के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी विकलांगता प्रमाण पत्र देना होगा। परीक्षार्थियों को आयोग की ओर से जारी प्रोफार्मा पर ही तैयार प्रमाण पत्र आवेदन के साथ देना होगा। परीक्षार्थी को श्रुति लेखक लेने केलिए भी अपने पूरे विवरण के साथ लेखक का विवरण देना होगा। एसएससी के अपर सचिव एके दधीचि की ओर से यह जानकारी अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।