इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर स्नातक, परास्नातक एवं अन्य पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के छात्रों को बिना परीक्षा उत्तीर्ण किए जाने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना समर्थन दिया है।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से छात्रों को समर्थन दिया। साथ ही उनका परिचय पूछा और उनसे बातचीत की। अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनी तो सबसे पहले छात्रसंघ बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार छात्रों की परीक्षा कराकर उन्हें महामारी में झोंकना चाह रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल बंद होने के बावजूद फीस माफ नहीं की जा रही। अखिलेश यादव ने कहा कि छात्रसंघ बहाली के लिए हुए आंदोलन में शामिल जो छात्र जेल गए थे,ख्उन सभी से कोरोना महामारी के बाद मिलेंगे। क्रमिक अनशन में अजय यादव सम्राट, शिवबली, अरविंद सरोज, सलमान, सुनील पटेल, वीरेंद्र पटेल, अनीश, आयुष, सावन यादव आदि शामिल रहे।
छात्रों, शिक्षकों ने प्रो. अभिनव को दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विजुअल आट्र्स विभाग के प्रो. अभिनव गुप्ता के निधन से इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शोक की लहर है। ऑटा अध्यक्ष प्रो. रामसेवक दुबे, उपाध्यक्ष प्रो. एआर सिद्दीकी समेत सभी शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को प्रो. अभिनव गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
छात्रसंघ भवन पर भी शोक सभा आयोजित की गई। इसमें छात्रों के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखा और पुष्पांजलि अर्पित की। शोक सभा में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव समेत छात्र नेता भूदेव यादव, सत्यम कुशवाह, उषा गुप्ता, मुकेश, रोहित आदि उपस्थित रहे।
नई शिक्षा नीति का किया विरोध
प्रयागराज। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विरोध में दिशा छात्र संगठन के बैनर तले छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि नई शिक्षा नीति आम जन को शिक्षा से दूर करने की योजना है। संगठन के अविनाश ने कहा कि इस नीति के प्रावधानों के मुताबिक शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी निवेश को घटाया जाएगा और इससे देशी-विदेशी पूंजी के लिए शिक्षा में निवेश कर मुनाफा कमाने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों की फीस में बेतहाश वृद्धि होगी।
यूजीसी के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
प्रयागराज। यूजीसी की ओर से अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं कराए जाने के निर्णय के विरोध में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर प्रदर्शन किया। इसमें अखिलेश यादव, अरविंद कुमार, मुरारी सिंह, सत्यम कुशवाहा, अभिषेक अज्जू, वीरेंद्र पटेल, तुषार वर्मा आदि शामिल रहे।
क्रेट के लिए तीन दिनों में 188 आवेदन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) के लिए पहले तीन दिनों में 944 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए और इनमें से 188 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की। वहीं, सभी पाठ्यक्रमों को मिलाकर अब तक 210262 रजिस्ट्रेशन एवं 108923 आवेदन हो चुके हैं। स्नातक में प्रवेश के लिए 100446 एवं 61172, परास्नातक के लिए 43607 एवं 16608, आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 22721 एवं 1927 बीएएलएलबी के लिए 11193 एवं 7063, एलएलबी के लिए 18517 एवं 12475, बीएड के लिए 5804 एवं 4060, एमएड के लिए 1354 एवं 973, एमबीए/एमबीएआरडीभ् के लिए 1891 एवं 1281 और एलएलएम के लिए 944 एवं 188 क्रमश: रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन हुए हैं।