Prayagraj News : मो. मुजफ्फर, ब्लॉक प्रमुख कौड़िहार।
- फोटो : अमर उजाला।
सपा ब्लॉक प्रमुख मो. मुजफ्फर अंतर परिक्षेत्रीय गैंग का सरगना घोषित कर दिया गया है। गोतस्करी के लिए कुख्यात इस आरोपी को जिला पुलिस ने इंटर रेंज गिरोह का सरगना घोषित किया है। इसकी गैंग संख्या आईआर-05 है। इसमें उसके सहयोगियों समेत कुल 18 लोगों का नाम शामिल किया गया है। कौड़िहार ब्लॉक प्रमुख मुजफ्फर गोतस्कर गिरोह का सरगना है। वर्तमान में वह नैनी जेल में बंद है। उस पर गोतस्करी समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह मूल रूप से नवाबगंज के चफरी का रहने वाला है। पुलिस ने हाल ही में गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी कई संपत्तियां कुर्क की हैं।
पूरामुफ्ती एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने उच्चाधिकारियों को मुजफ्फर का गैंग पंजीकृत करने के लिए संस्तुति करते हुए रिपोर्ट प्रेषित की थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर एडीजी जोन ने गैंग पंजीकृत करने की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद उसका गैंग पंजीकृत किया गया। इसमें मुजफ्फर के अलावा उसके चार भाइयों का भी नाम शामिल है। इसके अलावा गोतस्करी के धंधे में लिप्त उसके सहयोगियों को भी गैंग सदस्य के रूप में नामित किया गया है।