समाजवादी पार्टी ने 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अभी से प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू हो गई है। इसके लिए दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं। खास यह कि दावेदारों को अपना आपराधिक रिकार्ड भी पार्टी नेतृत्व को बताना होगा। फार्म में उन्हें पार्टी तथा समाज के लिए किए गए संघर्षों का भी ब्योरा भी भरना होगा। आवेदन की आखिरी तारीख 26 जनवरी है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जिला एवं महानगर अध्यक्षों की घोषणा देर से की गई। कई जिलों में तो अभी तक जिला एवं महानगर इकाई का पूरी तरह से गठन भी नहीं हुआ है लेकिन विधानसभा चुनाव की तैयारी में पार्टी कोई कसर नहीं छोडना चाहती। इसमें भी पार्टी का इस बार संघर्षशील प्रत्याशियों के चयन पर ज्यादा जोर है। इसके तहत दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने इसकी घोषणा करने के साथ बृहस्पतिवार को आवेदन पत्र का प्रारूप भी जारी कर दिया।
आवेदन पार्टी की ओर से भेजे गए फार्म पर ही करना है, जिसे जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने बताया कि पार्टी टिकट पर चुनाव लडने के इच्छुक कार्यकर्ता 26 जनवरी तक जिला कार्याललय में आवेदन कर सकते हैं। फार्म भी जिला कार्यालय से किसी कार्यदिवस में प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि पार्टी की आजीवन सदस्यता ग्रहण करने वाले कार्यकर्ता ही आवेदन कर पाएंगे। फार्म में उन्हें आपराधिक विवरण भी देना होगा।
मौजूदा विधायकों को फिर उतारने की तैयारी
सपा 2017 विधानसभा चुनाव में विजयी प्रत्याशियों पर फिर से दांव लगाने की तैयारी में है। इसलिए जहां पार्टी के मौजूदा विधायक हैं, वहां उम्मीदवारी के लिए आवेदन नहीं मांगे गए हैं। प्रयागराज जिले में करछना सीट से पार्टी के उज्जवल रमण सिंह विधायक हैं। इसलिए इस सीट के लिए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।