बंजारों की बस्तियों पर नजर, खिंचवाई जा रही तस्वीर
कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ
सोरांव हत्याकांड में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सोरांव के यूसुफपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में पुलिस की नजर खासतौर से बंजारों पर है। दरअसल अब तक कि जांच में ऐसा कोई क्लू पुलिस के हाथ नहीं लग सका है जिससे रंजिश की वजह से हत्याकांड को अंजाम देने की पुष्टि हो। ऐसे में बंजारों पर नजर टिकाए पुलिस ने अब इसी एंगल पर जांच तेज कर दी है। इसके तहत बंजारों के डेरे में रहने वालों की तस्वीरें भी खिंचवाई जा रही है।
यूसुफपुर गांव मेें रहने वाले विजयशंकर तिवारी(55) के साथ ही उनके बेटे सोमदत्त्त उर्फ सोनू(32), बहू कामिनी उर्फ सोनी(28) व दो पौत्रों कान्हा(6) और कुंज(3) की चार जनवरी की रात बेरहमी से घर के भीतर सोते वक्त हत्या कर दी गई थी। मामले में नामजद कराए गए सच्चिदानंद, संपूर्णानंद, जीतेंद्र, ग्राम प्रधान प्रदीप सरोज, अंबुज, विकास व सत्यम को हिरासत में लिए पांच दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक उनसे कोई खास जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। मामले में पांच टीमों के साथ ही एसटीएफ भी लगी है लेकिन सभी अब तक नाकाम ही रही हैं। यहां तक कि अब तक पुलिस स्पष्ट रूप से यह भी कह पाने की स्थिति में नहीं है कि हत्यारों की संख्या कितनी थी। सूत्रों की मानें तो फिलहाल पांच दिन तक की जांच पड़ताल में कोई भी ऐसी जानकारी पुलिस के हाथ नहीं आई है जिससे रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात की पुष्टि हो सके। यही वजह है कि जांच में लगी ज्यादातर टीमों की नजर अब बंजारों या घुमंतू गिरोहों की तरफ टिक गई है। यही वजह है कि पुलिस न सिर्फ बंजारों के डेरों में जाकर जांच पड़ताल कर रही है। बल्कि अब वहां रहने वालों के नाम की जानकारी के साथ ही उनकी तस्वीरें भी खिंचवाई जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि इस कवायद के पीछे मंशा यह है कि एक टीम घटनास्थल के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। अगर यह काम बंजारों या घुमंतू गिरोह का होगा, तो इसमेें रहने वालों की तस्वीर कैमरों में जरूर कैद हुई होगी। डेरों में रहने वालों की तस्वीरों से उनका मिलान करना आसान हो जाएगा।
जरूरत पड़ी तो एसआईटी से कराएंगे जांच: सिद्धार्थनाथ सिंह
सोरांव (संवाद)। उधर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को मंत्री सिद्वार्थनाथ सिंह यूसुफपुर गांव पहुंचे। ़उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि सीएम खुद मामले को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। सोरांव में लगातार इस तरह की वारदातों के सामने आने के सवाल पर उनका कहना था कि इस तरह की घटनाओं से साफ है कि यहां कोई गिरोह सक्रिय है जो पकड़ा नहीं जा रहा है। जरूरत पड़ी तो इन घटनाओं की एसआईटी गठित कर जांच कराई जाएगी।