प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता से उसके ही गांव के दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। 10 दिन तक पीड़िता थाने के चक्कर काटती रही लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। शुक्रवार को उसने एसएसपी से मिलकर मामले की शिकायत की। जिस पर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
मामला सोरांव इलाके का है। 30 वर्षीय विवाहिता 20 जुलाई को गांव में ही स्थित एक खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान नवाबगंज के माधोपुर लहरा निवासी उसका पूर्व परिचित युवक वहां आकर उससे बात करने लगा। वह उसकी मौसी के घर आता जाता था और वहीं पर उससे जान पहचान हुई थी। आरोप है कि अकेला पाकर युवक अपने साथी की मदद से उसे पास में ही स्थित चरी के खेत में घसीट ले गया और दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि शोर मचाने पर उसके ही गांव के दो युवक वहां आए और आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा। लेकिन उक्त दोनों ने भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने ेपर उसे मारापीटा और फिर 100 नंबर पर फोन कर आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि महिला के शिकायत लेकर थाने जाने पर पुलिसकर्मियों ने उससे सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया और फिर आरोपी को थाने से छोड़ दिया। इसके अलावा शिकायत के बावजूद सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।