मोबाइल लूटते पकड़ा गया पुलिसकर्मी का बेटा
कर्नलगंज पुलिस ने साथी समेत किया गिरफ्तार
प्रयागराज। कर्नलगंज में पुलिसकर्मी का बेटा व उसका साथी मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देते पकड़े गए। दोपहर में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद वह शाम को भी एक मोबाइल लूटकर भाग रहे थे कि तभी उन्हें दबोच लिया गया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला संदीप जायसवाल शनिवार शाम सलोरी स्थित अपने किराये के कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान ईश्वर शरण स्कूल के करीब स्थित बिजलीघर के पास बाइकसवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर भागने लगे। सूचना पर सक्रिय हुई पीआरवी 4512 व चौकी प्रभारी मनोज यादव ने दोनों को दबोच लिया। जिसके बाद उन्हें पकड़कर थाने लाया गया। तलाशी में उनके पास से लूटे गए मोबाइल के अलावा एक अन्य मोबाइल मिला। सख्ती से पूछताछ में पता चला कि दूसरा मोबाइल उन्होंने दोपहर में विवि रोड पर लूटा था। जानकारी पर पता चला कि यह मोबाइल उत्तराखंड निवासी रवि यादव का है जो शिवकुटी में रहने वाली अपनी बुआ के घर आया था। वह अपने फुफेरे भाई संग विवि रोड से जा रहा था कि तभी उसका मोबाइल छीन लिया गया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियेां में राहुल पुत्र राजीव सिंह निवासी पुलिस लाइन व राज पुत्र रामचंदर निवासी स्टैनली रोड शामिल हैं। इसमें राहुल के पिता पुलिस अस्पताल में सफाईकर्मी हैं। जबकि वह खुद पुलिस लाइन के त्रिवेणी गेस्ट हाउस में संविदा पर बतौर सफाईकर्मी तैनात है। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।