पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के असरफपुर गांव में वृद्धा मां ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो घर के बड़े बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर मां को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के घर में ही मौजूद कातिल बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
लीलावती (55) पूरामुफ्ती के असरफपुर गांव की रहने वाली थीं। परिवार में पति चंद्रपाल के अलावा दो बेटे हैं। पति वृद्ध होने की वजह से कोई काम नहीं कर पाते। वह घर पर रहते हैं। जबकि, बड़ा बेटा अंजीस औरा छोटा बेटा रंजीत दोनों मजदूरी करते हैं। छोटे बेटे ने बताया कि मंगलवार की रात वह घर पर नहीं था। पिता भी कहीं गए थे। घर पर सिर्फ बड़ा भाई और मां थीं। रात करीब 12 बजे अंजीस नशे में धुत होकर मां से और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। मां ने जब पैसे देने से इन्कार कर दिया, तब वह भड़क उठा। इस बात को लेकर भाई और मां दोनों के बीच में नोकझोंक हाेने लगी। इसी दौरान अंजीस लाठी से मां को पीटने लगी। चीख पुकार सुनकर पास-पड़ोस के लोग पहुंचे तो लीलावती खून से लथपथ होकर जमीन पर पड़ी थीं। अंजीस मां के शव से थोड़ी ही दूरी पर मौजूद रहा। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
000
आए दिन करता था शराब पीकर झगड़ा
पड़ोसियों ने बताया कि अंजीस आए दिन शराब पीकर घर वालों और गांव के लोगों से लड़ाई-झगड़ा करता था। यही वजह है कि मंगलवार रात को जब वह शराब पीकर मां से पैसे के लिए झगड़ रहा था तो कोई भी बचाव करने के लिए नहीं गया। लोगों ने सोचा इसका हर रोज का यह ड्रामा है, थोड़ी देर बाद शांत हो जाएगा। लेकिन, उन लोगों को पता नहीं था कि वह अपनी की हत्या कर देगा। (संवाद)
शराब की वजह से ही 10 साल पहले छोड़कर चली गई थी पत्नी
अंजीस पहले से ही शराब का लती था। शादी के बाद भी वह शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर उसे पीटता था। यही वजह है कि पत्नी 10 साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। तबसे अंजीस अकेले ही रह रहा था। संवाद