क्षेत्र के राजपुर गांव में दुर्जनीपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्राली- ट्रैक्टर के पीछे घुस गई। इस हादसे में बाइक सवार नाना हरीलाल(60) और नाती विनय(25) निवासी लक्षनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक ट्राली सड़क पर ही खोलकर ट्रैक्टर लेकर भाग गया। जानकारी मिलने पर पुलिस नाना-नाती को सीएचसी ले आई, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हरीलाल निवासी थर परसिया थाना लालगंज जिला मिर्जापुर का निवासी था। उसकी पुत्री शौर्य का विवाह कोरांव थाना क्षेत्र के ही बांस गाढ़ा गांव निवासी लालजी शर्मा के बेटे संदीप के साथ सात मई को होना था। बेटी की शादी का वह निमंत्रण बांट कर मिर्जापुर के ड्रमंडगंज बाजार से घर लौट रहा था, कि कोरांव -ड्रमंडगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्जनीपुर मोड के पास राजपुर गांव में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली के पीछे घुस गई। दोनों की मौत के बाद परिवार में विवाह की खुशियों की जगह माहौल गमगीन हो गया। दोनों परिवारों के लोग बिलखने लगे।