हमारे इलाके में बिजली, पानी व सड़क की कोई सुविधा नहीं है। कूड़ा वाले कचरा उठाने से मना कर देते हैं। सफाई करने कोई नहीं आता। ये शिकायतें विस्तारित क्षेत्र के प्रीतम नगर के कन्हईपुर इलाके से नगर निगम की जन सुनवाई में आए फरियादियों की है।
मंगलवार को नगर निगम पहुंचीं राजकुमारी, सीमा, उमा, अंजना, ज्योति, प्रीती, रीना, गीता, गुडिया, अन्नू व अन्य महिलाओं ने बताया कि उनसे गृहकर, जलकर व सीवर कर बराबर लिया जाता है। सुविधा के नाम कुछ नहीं मिलता। तीन साल से लगातार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी केवल समाधान का निर्देश दे रहे हैं। समस्या से लगभग सैकड़ों घर प्रभावित हैं।
नगर आयुक्त साई तेजा ने संबंधित जोनल अधिकारी को जल्द समस्या के समाधान का निर्देश दिया। जनसुनवाई में 50 से अधिक शिकायतों को दर्ज किया गया। निहालपुर इमाम बाड़ा से आए माधव कृष्ण शर्मा का कहना है कि दो सांसद के निर्देश पर भी उनके यहां 250 मीटर सीवर लाइन नहीं पड़ी। जबकि आसपास सीवर लाइन पड़ी है। ऐसे में हमेशा जलभराव की समस्या इलाके में रहती है।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, राजीव शुक्ला, शादाब असलम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, संजय कटियार व जलकल महाप्रबंधक संजीव कुमार आदि रहे।
वार्ड 49 अबुबकरपुर निवासी पूर्व सूबेदार शंकर दुबे, हवलदार मिथलेश कुमार राय, हवलदार रमेश चंद्र ने कहा कि उनके यहां की सड़क पिछले 20 साल से नहीं बनी है। नाली की सुविधा भी नहीं है। करीब 50 से अधिक घर प्रभावित हैं। आठ साल से नगर निगम में मामले की शिकायत की जा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बलुआघाट के उदितगंज मंडी से आए पूर्व पार्षद शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि गली में अतिक्रमण करके जबरन दीवार खड़ी कर दी गई है। जिसकी वजह से रास्ता बंद हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल ने जांच करके रिपोर्ट लगाई है। जिसमें अतिक्रमण की बात कही गई है लेकिन अभी तक अतिक्रमण हटाकर रास्ता नहीं खोला गया।