जानें क्या था पूरा मामला
साउथ मलाका स्थित होटल आदूस कॉटेज में शनिवार रात सेना का जवान बेछारा सिंह सोलंकी (35) संदिग्ध हाल में मृत मिला। वह कोलकाता में तैनात था, जहां से उसका तबादला प्रयागराज हुआ था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और वह शहर आने के लिए चल दिए हैं। मृतक जवान जगतपुरा, सूरत का रहने वाला था। होटलवालों ने बताया कि वह 28 अक्तूबर को आकर कमरा नंबर छह में रुका था। शनिवार को वह पूरे दिन बाहर नहीं आया। रात आठ बजे के करीब कर्मचारी पहुंचे तो धक्का देते ही दरवाजा खुल गया।
इस दौरान भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। जवान बिस्तर पर मृत पड़ा था और उसे खून की उल्टियां हुई थीं। जानकारी पर कोतवाली पुलिस पहुंची और फिर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। जांच पड़ताल में उसके सामान से सेना का मूवमेंट ऑर्डर मिला, जिससे पता चला कि वह सेना का जवान है। कोतवाली इंस्पेक्टर अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि मूवमेंट ऑर्डर में लिखे नंबर पर संपर्क करने पर पता चला कि वह कोलकाता में तैनात था और ट्रांसफर होने पर प्रयागराज आया था। शव को मर्चरी भेजवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।