Social distortions engraved by staging drama son-in-law
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। अंबर नाट्य संस्थान की ओर से एनसीजेडसीसी प्रेक्षागृह में नाटक दामाद के मंचन से कलाकारों ने सामाजिक विकृतियों को उजागर किया। वहीं कलाकारों ने प्रस्तुति से लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया।
नाटक दामाद में भिखारी लाल के रूप में ऐसे व्यक्ति का चरित्र दिखाया गया, जो अपने स्वार्थ के लिए गरीब बेसहारा गोवर्धन लाल को दामाद बताया है। परीक्षण में दामाद को कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी मिलने पर ससुराली उसे बोझ समझने लगते हैं। इस बीच गोवर्धन की पत्नी लाजवती की करोड़पति सहेली रूपा सीन में आती है। वह अपने स्वार्थ के लिए गोवर्धन से शादी करना चाहती है। भिखारी लाल बीमार दामाद से छुटकारा पाने के लिए रूपा से उसका विवाह करा देता है। शुरू से आखिर तक सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस नाटक ने दर्शकों को बांधे रखा। दिनेश भारती रचित पटकथा आधारित नाटक दामाद के मंचन ने खूब वाहवाही बटोरी। भिखारी लाल की भूमिका में कौशिक भट्टाचार्य, दामाद की भूमिका में जय प्रकाश, रूपा की भूमिका में शीला के साथ अर्चना गुप्ता, सोहन आजाद, पारसनाथ आदि ने अपने-अपने पात्रों को जीवंतता से जिया। मुख्य अतिथि एनसीआर के कुंवर सिंह यादव और अमन वर्मा ने मंचन को सराहा। इस मौके पर उमेश चंद्र यादव, शंची रानी, अजय कुमार सिन्हा, एपी तिवारी, दिलीप गिरि आदि मौजूद रहे।