थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी योजना तीन के सेक्टर एक में शनिवार की सुबह पैदल आए बदमाश ने घर के सामने बैठी सेवानिवृत्त बीडीओ की पत्नी के गले से सोने की जंजीर उड़ा दी। इस दौरान बेखौफ बदमाश ने बुजुर्ग महिला के नाक से बाली भी नोच ली। छीनाछपटी में बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर बदमाश पीछे से बाइक से आए अपने साथी बदमाश के साथ आराम से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मचा रहा।
थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी योजना तीन निवासी कमलापति त्रिपाठी सेवानिवृत्त बीडीओ हैं। उनके बड़े बेटे एलआईसी अफसर तथा छोटे बेटे आलोक कुमार त्रिपाठी ग्राम विकास अधिकारी हैं। शनिवार की सुबह तकरीबन दस बजे कमलापति त्रिपाठी की तकरीबन 83 वर्षीय पत्नी हीरावती देवी टहलकर आने के बाद घर के सामने रखे पत्थर पर बैठी थीं। तभी शातिर बदमाश एक मिनट के भीतर उधर से पैदल ही दो बार गुजरा। रेकी करने के बाद बदमाश अचानक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचा और गले से सोने की जंजीर उड़ाने के साथ ही नाक की बाली भी नोच ली। इस दौरान सड़क पर गिरने और नॉक से बाली नोचने के कारण बुजुर्ग महिला खून से लथपथ हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश का दूसरा साथी बाइक से पीछे से मौके पर पहुंचा और दोनों आराम से वहां से फरार हो गए।
महिला की चीख सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही बीडीओ के परिजन भी घर से बाहर आए। हालांकि तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो गए थे। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की। बाद में भुक्तभोगी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पूरी वारदात बीडीओ के घर पर लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है।