मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के बलुआघाट में मंगलवार दोपहर धर्मेंद्र केसरवानी की आशुतोष ज्वैलर्स से फिल्मी स्टाइल में उचक्का चार हार लेकर भाग निकला। जिस ग्रिल को उन्होंने लूट से बचने के लिए लगवाया था, उसी की वजह से वह लुट गए। उचक्का दुकान की सुरक्षा के लिए लगाई गई ग्रिल के बाहर बैठकर हार देख रहा था। उस वक्त दुकान पर तीन महिलाएं भी थीं। जब युवक हार लेकर भागा सभी हक्के-बक्के रह गए। जितनी देर में दुकान के मालिक बाहर निकलते, उचक्का ओझल हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह एक बाइक से भागा। मौके पर मुट्ठीगंज थाने की पुलिस पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सारा वाकया कैमरे में कैद हो गया है। उड़ाए गए हारों की कीमत चार लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।
मुट्ठीगंज के रहने वाले धर्मेंद्र केसरवानी की बलुआघाट चौराहे पर स्थित दुकान पर युवक दोपहर 12.30 बजे के आसपास हरे स्वेटर और नीली जींस में पहुंचा। युवक की उम्र 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसने हरे रंग की टोपी भी पहन रखी थी। उस वक्त दुकान पर दो महिलाएं भी मौजूद थीं। धर्मेंद्र ने सुरक्षा के लिए दुकान को दो हिस्सों में बांट रखा है। ग्रिल के भीतर के हिस्से में वह बैठते हैं। दुकान के आधे हिस्से में ग्राहकों के बैठने के लिए जगह बनी है। वह ग्रिल के भीतर से ही आभूषण दिखाते हैं। उचक्के को उन्होंने चार हार ट्रे में दिए।
गिनती को लेकर उनकी उचक्के से बात भी हुई। उसी दौरान पीली साड़ी में एक महिला भी पहुंची। बेंच पर बैठे उचक्के ने ट्रे को बगल में रखकर हार गिनने शुरू किए। उसने एक से चार तक गिना और तेजी से दुकान के बाहर की ओर भागा। सभी उसे देखते ही रह गए। लोगों ने बाइक स्टार्ट होने की आवाज सुनी। आशंका है कि उसका साथी भी बाहर रहा होगा। मौके पर सीओ तृतीय नीति द्विवेदी, एसओ मुट्ठीगंज अशोक दुबे, चौकी प्रभारी गऊघाट राकेश तिवारी भी पहुंचे।