इलाहाबाद सहित यूपी के 13 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए तैयारी जारी है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से दूसरे चरण की चयन प्रतियोगिता के लिए इन शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने का प्रस्ताव तैयार हो रहा है, जिसे 30 जून तक केंद्र सरकार को भेजा जाना है। इसके लिए 24 जून को लखनऊ में स्टेट लेवल हाई स्टेयरिंग कमेटी (एचपीएससी) की बैठक बुलाई गई है। इसमें इलाहाबाद समेत अन्य शहरों से महापौर, नगर आयुक्त, अध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक में सभी शहरों की ओर से तैयार स्मार्ट सिटी के प्रस्ताव पर मंथन होगा।
दूसरे चरण की स्मार्ट सिटी चयन प्रतियोगिता के लिए यूपी से इलाहाबाद सहित कानपुर, आगरा, वाराणसी, मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, बरेली, झांसी, गाजियाबाद, मेरठ, रामपुर और बरेली को चुना गया है। रामपुर एवं बरेली नगर पालिका परिषद में आते हैं, जबकि अन्य 11 शहर नगर निगम कार्यक्षेत्र में हैं। स्मार्ट सिटी योजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एचपीएससी का गठन किया गया है। इसमें 11 शहरों से महापौर, नगर आयुक्त जबकि रामपुर एवं रायबरेली परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशाषी अधिकारी एचपीएससी के सदस्य हैं।
बैठक में दूसरे चरण राउंड की प्रक्रिया में पुनरीक्षित स्मार्ट सिटी प्रोपजल पर विचार विमर्श किया जाएगा। बैठक में प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर केंद्र सरकार को भेजने की योजना है।